इनकम टैक्स विभाग की 20 टीमों ने सोमवार को शहर के एक प्रमुख मसाला उद्यमी की कंपनियों-फैक्ट्रियों और उनकी सहयोगी फर्मों के मालिकों के घर, आॅफिस और फैक्ट्रियों पर भी ताबड़तोड़ छापे मारे।
टीम ने मसाला कंपनी के एक सहयोगी के नयागंज स्थित आॅफिस और एक अन्य सहयोगी के आजाद नगर स्थित घर पर भी छापा मारा। इस दौरान करोड़ों रुपये का हेरफेर हाथ लगा। घरों से बड़े पैमाने पर ज्वैलरी और नगदी बरामद हुई। इनकम टैक्स ज्वाइंट कमिश्नर मुंशी राम और एडीआई वेद प्रकाश के नेतृत्व में टीमों में कंपनी के निदेशकों, उनकी पत्नियों, नौकरों और कर्मचारियों से अलग-अलग पूछताछ की।
इनकम टैक्स विभाग की एक टीम सुबह साढ़े आठ बजे मसाला कंपनी के निदेशक के विष्णुपुरी स्थित बंगले पहुंचीं। ठीक उसी समय दूसरी टीम तिलक नगर में कंपनी के पार्टनर व दूसरे निदेशक के घर भी पहुंची। कोई कुछ समझ पाता कि इससे पहले ही टीमों ने कंपनी की रनियां व मंधना-चौबेपुर स्थित फैक्ट्री, नयागंज आॅफिस, एक्सप्रेस रोड सेंटर, लाठी मोहाल स्थित प्रिंटिंग प्रेस सहित उनके सहयोगी के घर और आॅफिस में एक साथ छापा मारा।
एक साथ व्यापक पैमाने पर हुई छापामारी से कंपनी के मालिकों से लेकर कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूत्रों के अनुसार टीमों ने तिलक नगर और विष्णुपुरी में कंपनी के तमाम कागजात, बैंक अकाउंट, कम्प्यूटर, लॉकर और घर का चप्पा-चप्पा छाना। महिलाओं के जेवर, ज्वैलरी खरीद के पेपर, पॉलिसी सहित सभी बिंदुओं पर देर रात तक छानबीन की। दूसरी टीमें फर्मों, फैक्ट्रियों और आफिसों में जुटी रहीं।
आॅफिसों में पानी पिलाने वाले कर्मचारी से लेकर मैनेजर तक से पूछताछ हुई। टीमों ने सभी कम्प्यूटरों का ब्योरा और हार्ड डिस्क सहित सारे दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए हैं।