यूपी के उन्नाव जिले में औरास ब्लाक प्रमुख के पति व भाजपा नेता के गोदाम में सरकारी खाद्यान्न का अवैध भंडार और मिलावटी व नकली दूध बनाने का कारोबार होने की शिकायत पर एसडीएम और सीओ ने रात करीब नौ बजे छापा मारा। गोदाम में करीब तीन सौ बोरी गेहूं, 170 बोरी चावल और 12 ड्रम केरोसिन मिला है। अधिकांश बोरियों पर खाद्य एंव रसद विभाग की मोहर लगी है। परिसर में ही एक टैंक में करीब 550 लीटर दूध भी मिला है। जिसका सैंपल सील करने के बाद नष्ट करा दिया गया। जिला पूर्ति और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें जांच कर रही हैं।
भजपा से जुड़ी औरास ब्लाक प्रमुख पुष्पा रावत के पति कौशलेंद्र प्रताप का गांव इनायतपुर बर्रा में मकान के पास ही बड़ा गोदाम और अहता है। यहां पहले वह राइसमिल और गल्ले का व्यापार करते थे। हसनगंज एसडीएम सूरज कुमार यादव को शिकायत मिली कि ब्लाक प्रमुख पति मिलावटी व नकली दूध के साथ ही सरकारी खाद्यान की कालाबाजारी का करोबार करते हैं। रात करीब नौ बजे एसडीएम और सीओ डा. भीम कुमार गौतम ने गोदाम में छापा मारा। जांच के दौरान यहां एक प्लास्टिक की टंकी में 550 लीटर दूध मिला। दूध को बेहद लापरवाही से रखा गया था। इससे दुर्गंध भी आ रही थी।