गुरुवार की रात चित्रकूट के राजापुर गांव स्थित तुलसीदास की जन्मस्थली पहुंचे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को महिलाओं और किसानों ने घेर लिया। यहां उनका फूल मालाओं से स्वागत किया गया। राहुल से मिलने को आतुर ग्रामीणों ने बेरीकेडिंग तक तोड़ डाली। मौके पर मुस्तैद सुरक्षा बल और पुलिस के जवानों ने सैकड़ों की संख्या में मौजूद भीड़ को लाठियां पटककर काबू में किया। बछड़न गांव पहुंचे राहुल ने किसानों की समस्याएं सुनीं और कहा कि वह जल्द उन्हें सभी समस्याओं से मुक्ति दिलायेंगे। राहुल शुक्रवार सुबह स्वामी कामतानाथ मंदिर दर्शन के लिये जाएंगे। इसके बाद सीतापुर पोद्दार इंटर कॉलेज में खाट सभा कर लोगों से बातचीत करेंगे।
उधर कानपुर नगर और कानपुर देहात में 21 और 22 सितंबर को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के आगमन को लेकर कांग्रेसियों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। राहुल कानपुर सर्किट हाउस में रुकने के बाद अलग-अलग जगहों पर खाट सभायें करेंगे। एसपीजी ने गुरुवार को तैयारियों का जायजा लिया। कांग्रेस को यूपी में मजबूती दिलाने और 2017 के चुनाव में नय्या पार के अभियान पर राहुल गांधी निकले हैं। ग्रामीण इलाकों में जाकर लोगों से बातचीत कर राहुल कांग्रेस की छवि सुधारने में जुटे हैं।