कानपुर। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में 23 से 27 मार्च तक ऑल इंडिया इंटर जोनल पैरा क्रिकेट प्रतियोगिता होगी। शहर के उभरते खिलाड़ी राहुल सिंह और दीपेंद्र सिंह अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आंध्र प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ी सेंट्रल जोन टीम का हिस्सा होंगे। पहला मुकाबला 23 मार्च को वेस्ट जोन के खिलाफ होगा। राहुल और दीपेंद्र पहले भी राष्ट्रीय पैरा क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। शानदार प्रदर्शन को देखते हुए दोनों को सेंट्रल जोन की टीम में स्थान मिला है। हाल ही में यूपी टी-20 पैरा क्रिकेट लीग में भी दोनों खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं और दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया था। (संवाद)