पुरी से नई दिल्ली जा रही पुरुषोतम एक्सप्रेस (02801) रविवार रात फतेहपुर के मलवां स्टेशन के पास एक सांड़ से टकरा गई। जोरदार टक्कर से इंजन का एक उपकरण उछला और पेंटो से टकरा गया। इसके बाद पेंटो और ओवर हेड इलेक्ट्रिक लाइन टूट गई।
बिजली सप्लाई बंद होने से इस सेक्शन की ट्रेनें खड़ी हो गईं। लगभग पांच घंटे बाद रात 2:32 बजे पेंटो और ओएचई लाइन ठीक हुई, तब जाकर दिल्ली रूट पर संचालन शुरू हो सका। हादसे की वजह से महाबोधि एक्सप्रेस, दुरंतो एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल, प्रयागराज एक्सप्रेस, जयपुर इलाहाबाद एक्सप्रेस सहित 16 ट्रेनें दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से लेकर मलवां के बीच खड़ी रहीं। सभी ट्रेनें कानपुर सेंट्रल पर दो से छह घंटे देरी से आईं।
ऑक्सीजन एक्सप्रेस भी फंसी
रेलवे अफसरों ने बताया कि रविवार करीब दो बजे कानपुर आने वाली ऑक्सीजन एक्सप्रेस भी दिल्ली रूट बाधित होने की वजह से मलवां से प्रयागराज के बीच फंसी रही। सुबह करीब चार बजे कानपुर आ सकी।