महिलाओं ने श्रद्धालुओं को जागरूक किया
- फोटो : अमर उजाला
सालभर श्रद्धा से पूजी जाने वाली भगवान गणेश और मां लक्ष्मी की मूर्तियों को अब सम्मान के साथ विदाई मिलेगी। उन्हें सड़क किनारे, पेड़ों के नीचे या नदियों में छोड़ने के बजाय विधि-विधान से भू-विसर्जित किया जाएगा। इसके लिए अमर उजाला और श्री ओमर वैश्य युवा परिवार की ओर से मूर्ति विसर्जन पर्व अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को कैनाल रोड स्थित श्री श्याम खाटू मंदिर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महिलाओं को अभियान से जुड़ने और दूसरों को भी प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
युवा परिवार के पदाधिकारियों ने कहा कि सालभर पूजी जाने वाली मूर्तिओं को लावारिस छोड़ना उचित नहीं है। उनका विधि-विधान से विसर्जन धार्मिक आस्था और परंपरा के सम्मान के साथ जल प्रदूषण रोकने में भी मददगार है।
बताया गया कि 13 नवंबर को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में शिविर लगाकर पुरानी पूजित प्रतिमाएं एकत्र की जाएंगी। 15 नवंबर को परमट स्थित काली घाट पर मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ उनका विधिवत भू-विसर्जन होगा। महिलाओं ने अभियान से जुड़ने और रिश्तेदारों व परिचितों को जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विनीता सक्सेना, रीता जायसवाल, अनुराधा मिश्रा, आरती जेटली, मंजू पांडेय, शालिनी अग्रवाल, बीना जायसवाल, शिल्पी अग्रवाल, श्रीकांत पांडेय, वीरेंद्र दुबे, प्रदीप सक्सेना, शिव कुमार बाबा, रवि, धीरज, अश्विनी शुक्ला और राजेश गुप्ता मौजूद रहे।