पुखरायां। नगरपालिका में मुख्य सड़क चौड़ीकरण के लिए प्रक्रिया चल रही है। इधर फुटपाथ से अतिक्रमण हटाया नहीं जा सका है। इससे पैदल राहगीरों को आवाजाही में परेशानी होती है। वाहनों के बीच निकलने में दुर्घटना का खतरा रहता है।
पुखरायां मुख्य मार्ग किनारे तक दोनों ओर फुटपाथ है। मौजूदा समय में फुटपाथ पर अतिक्रमण है। सुबह होते ही फुटपाथ पर दुकानदार सामान सजा देते हैं। नगरपालिका की ओर से अतिक्रमण अभियान के नामित अधिकारी अतुल पांडेय एनाउंस कराते रहते हैं लेकिन अतिक्रमण हटवाने को लेकर कोई कारगर कदम नहीं उठाया जा रहा है। निकाय प्रशासन की चेतावनी का भी कोई असर अतिक्रमणकारियों पर नहीं पड़ रहा है।
पुखरायां के लायक सिंह, सुमन सिंह, निशा, जयदेवी पाल, बृजेश मिश्र, संजय तिवारी, शुभम सिंह, रोशन हसन, साहब सिंह ने बताया कि अतिक्रमण करने वाले कहते हैं कि हम फुटपाथ का किराया देते हैं। दुकान क्यो हटाएं। इधर अतिक्रमण के कारण सड़क पर भीड़-भाड़ अधिक होती है तो वाहनों का निकलना मुश्किल होता है। कई दुकानदार छाया करने के लिए रोड किनारे कीले लगा कर रस्सी बांध देते हैं। ऐसे में मंडी में वाहनों को आने जाने में परेशानी होती है। यहीं कारण है कि रोडवेज बसें भी नगर में अंदर नहीं आती हैं। लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क चौड़ीकरण का नोटिस कब्जेदारों को दिया जा रहा है। इसका असर धरातल पर नहीं दिख रहा है।
भोगनीपुर के रमेश सिंह, श्यामसुंदरपुर के अनिल, हारामऊ के उपेंद्र कुमार, कैलई के राहुल कुमार, अमरौधा के महेश कुमार, जयदेव ने बताया कि पुखरायां बाजार से आसपास क्षेत्र की मार्केट जुड़ी है। पुखरायां के अंदर वाहन लेकर मंडी, अस्पताल, स्टेशन, तहसील जाने में घंटों लग जाते हैं। स्टेशन के अलावा कहीं पार्किंग का सुविधा भी नहीं है। ईओ अजय कुमार ने बताया कि किसी को फुटपाथ का किराया लेने का अधिकार नहीं है। रेहडी पटरी दुकानदार किसको किराया देते हैं यह नहीं बताते हैं। सख्ती से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जल्द की जाएगी। लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन एचके सिंह ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।