रसूलाबाद। क्षेत्र के सामाजिक संगठनों व पदाधिकारियों ने समाजिक सद्भाव बिगाड़ने की आशंका जताते हुए एक फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने के लिए विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद फिल्म के रिलीज होने पर रोक लगाने के लिए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। पदाधिकारियों ने फिल्म रिलीज होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
श्रीकृष्ण वाहिनी के जिला अध्यक्ष आशीष यादव के नेतृत्व में गुरुवार को पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी सर्वेश कुमार सिंह को सौंपा। जिसमें बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली है कि यादव जी की लव स्टोरी नामक फिल्म में जातीय एवं धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले दृश्य दिखाए गए हैं। आरोप लगाया गया कि फिल्म की कहानी में दो समुदायों के युवक व युवती की प्रेम कहानी को दर्शाया गया है। इससे समाज में वैमनस्य फैलने की आशंका है।
पदाधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार की सामग्री से सामाजिक समरसता प्रभावित हो सकती है और आपसी सौहार्द बिगड़ने का खतरा उत्पन्न हो सकता है। संगठन पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि फिल्म की सामग्री की जांच कराई जाए और जब तक जांच पूरी न हो, तब तक इसके प्रदर्शन व रिलीज पर रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे को बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसलिए इस विषय को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। ज्ञापन सौंपने वालों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। यहां नारायण चौधरी, बृजेंद्र यादव, रोहित यादव, अंकित यादव, अरुण यादव, हिमांशु यादव आदि मौजूद रहे।