डेरापुर। ब्लॉक सभागार में बुधवार को क्षेत्र पंचायत बोर्ड की बैठक हुई। तेजी से विकास कराने के लिए अनुपूरक कार्ययोजना में एक करोड़ रुपये से नाली, खड़ंजे, इंटरलॉकिंग, सीसी मरम्मत एवं नवनिर्माण कार्यों के प्रस्तावों पर चर्चा की गई। सदन में मौजूद सदस्यों ने सहमति जताई।
क्षेत्र पंचायत की बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख रूबी द्विवेदी ने की। उन्होंने कहा कि अब तक कराए कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा गया है। आगे भी कराए जाने वाले विकास कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास हो रहा है।
सपा सांसद जितेंद्र दोहरे के प्रतिनिधि हिम्मत सिंह यादव ने प्रस्ताव रखा कि प्रधान, पंचायत सहायक, सामुदायिक शौचालय कर्मी के मानदेय के लिए अलग से मद तय किया जाए। विकास कार्यों की धनराशि से मानदेय दिया जाना ठीक नहीं है। मुनेश शुक्ला ने कहा कि सिंचाई के लिए दस घंटे बिजली आपूर्ति का शेड्यूल है, लेकिन प्रतिदिन चार घंटे बिजली कटौती होती है। संचालन कर रहे प्रधान संघ के अध्यक्ष सोबरन सिंह ने नगर पंचायत के आंबेडकर नगर में शहीद रोहित स्मारक से खजुर्रा जाने वाले 3100 मीटर मार्ग पर खड़ंजा लगवाने का प्रस्ताव रखा।
सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर अशोक कुमार ने बताया कि सीएचसी में एक्सरे मशीन पुरानी है, जिससे साफ रिजल्ट नहीं आ रहा है। नई डिजिटल मशीन के लिए प्रस्ताव किए जाने की मांग की। इस पर बीडीओ विश्राम सिंह ने जिला प्रशासन को पत्र भेजकर अवगत कराने की बात कही। बैठक में जिला पंचायत सदस्य महबूब खान, बीडीसी कैलाशबाबू, नगीना बेगम, प्रदीप सिंह, जितेंद्र सिंह, रंजना सिंह आदि मौजूद रहीं।