यूपी के उन्नाव जिले में कार की टक्कर के बाद भाजपा का झंडा लगी एक्सयूवी गाड़ी से शहर के दो युवकों को मारपीट कर अगवा करने की घटना में पुलिस ने लखनऊ के गोमतीनगर निवासी प्रापर्टी डीलर, उसके चालक सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से मिले तीन लाइसेंसी असलहे और एक्सयूवी गाड़ी सीज कर दी है। सभी पर दंगा, मारपीट, शांतिभंग व अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा है। एसपी ने बताया कि तीनों शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की भी कार्रवाई की जाएगी
लखनऊ के थाना चिनहट के मोहल्ला विमलखंड गोमतीनगर के निवासी अवधेश श्रीवास्तव पेशे से ठेकेदार व प्रॉपर्टी डीलर हैं। सोमवार शाम करीब पांच बजे कानपुर से लौटते समय अवधेश की एक्सयूवी गाड़ी में उन्नाव-शुक्लागंज मार्ग पर करोवन मोड़ के पास उन्नाव शहर निवासी ठेकेदार अजय प्रकाश जायसवाल की सिलेरियो कार से हल्की टक्कर लग गई थी। कार में अजय का साथी मनीष अग्रवाल भी था।
जबरन अपनी कार में बैठाकर लखनऊ की ओर चले गए थे
युवक को पीटते बॉडीगार्ड
- फोटो : अमर उजाला
प्रापर्टी डीलर के साथ बैठे एटा जिले के थाना जैथरा के गांव जाखुरा निवासी देवेंद्र सिंह, बुलंदशहर के थाना पहासू के गांव बेदरामपुर निवासी मुकेश, कासगंज जिले के थाना परियाली के गांव शाहपुर टहला निवासी बृजेश सिंह व सीतापुर जिले के थाना मिश्रिख के गांव अटवा निवासी प्रताप पाल पुत्र नत्थू पाल ने रोक कर सरेराह जमकर मारपीट की थी। इसके बाद प्रापर्टी डीलर के चालक व अन्य गुर्गों ने अजय प्रकाश जायसवाल व मनीष अग्रवाल को जबरन अपनी कार में बैठाकर लखनऊ की ओर चले गए थे।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया तो पुलिस हरकत में आई। अजय प्रकाश की पत्नी नविता जायसवाल की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर गाड़ी नंबर के आधार तफ्तीश शुरू की। आरोपी प्रापर्टी डीलर का पता लखनऊ के चिनहट थानाक्षेत्र का होने से वहां की पुलिस से संपर्क किया।
प्रापर्टी डीलर के साथ सात-आठ लोगों के बैठे होना बताया गया था
युवक को पीटते बॉडीगार्ड
- फोटो : अमर उजाला
एसपी हरीश कुमार के निर्देश पर कोतवाल अरुण द्विवेदी, एसआई जितेंद्र यादव, रामजीत यादव, कृष्णचंद्र व अन्य पुलिस कर्मी मंगलवार सुबह चार बजे प्रापर्टी डीलर के घर से उसे व उसके चालक सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वायरल वीडियो में दिख रहे 315 बोर की दो राइफल, 27 कारतूस, .30 बोर की एक राइफल, 15 कारतूस और एक्सयूवी गाड़ी बरामद की।
एसपी ने बताया कि घटना के बाद प्रापर्टी डीलर के साथ सात-आठ लोगों के बैठे होना बताया गया था। जांच कराई जा रही है अगर कोई और शामिल होगा तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि आरोपी अपनी गाड़ी में फर्जी तरीके से भाजपा का झंडा लगाए थे। भाजपा प्रदेश कार्यालय से जानकारी की गई है आरोपी पार्टी से किसी भी स्तर नहीं जुड़े हैं।