कानपुर महानगर के पनकी में डेढ़ महीने पहले हुई प्रापर्टी डीलर चंद्रमा प्रसाद वर्मा की हत्या इलेक्ट्रीशियन सुमित निगम ने बड़े भाई के साले आयुष के साथ मिलकर की थी। लेनदेन के विवाद में चंद्रमा प्रसाद ने सुमित की पत्नी को अपशब्द कहे थे। इस पर चाकू से उसका गला रेत दिया था। इसका खुलासा मंगलवार को हत्यारोपियों ने गिरफ्तारी के बाद किया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
एसपी पश्चिम संजीव सुमन ने बताया कि बी ब्लॉक पनकी निवासी चंद्रमा प्रसाद की पिछले साल 29 नवंबर को हत्या कर दी गई थी। माल रोड स्थित बीएसएनएल दफ्तर में तैनात ट्रांसमिशन स्टेशन आफीसर (पीएसओ) भावना को ड्यूटी से घर लौटने पर पति की हत्या का पता चला था।
भावना ने बी ब्लॉक पनकी निवासी सुमित निगम समेत दो लोगों पर पति की हत्या कर जेवरात व नगदी लूटने का आरोप लगाकर एफआईआर दर्ज कराई थी। मंगलवार को पनकी थानाध्यक्ष शेष नारायण ने टीम के साथ सुमित और उसके बड़े भाई लट्टू के साले आयुष को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने सुमित के घर से बेड के नीचे से चाकू बरामद किया।