कानपुर। डिजिटल दौर में अब डिग्री कॉलेज भी छात्रों तक पहुंचने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लेने लगे हैं। इंस्टाग्राम, फेसबुक, यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म के जरिये कॉलेज अपनी उपलब्धियों, शैक्षणिक गतिविधियों और सुविधाओं का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। इसका उद्देश्य नए छात्रों को आकर्षित करना और संस्थानों की सकारात्मक पहचान बनाना है। इसका फायदा यह हो रहा है कि छात्रों और अभिभावकों तक संस्थानों की सही और त्वरित जानकारी पहुंच रही है।
छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय से संबद्ध डिग्री कॉलेजों में पिछले कई वर्षों से घटती छात्र संख्या चिंता का विषय बन गई है। इस पर कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने बैठक कर प्राचार्यों को सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने और डिजिटल माध्यमों से प्रचार बढ़ाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद कई कॉलेजों ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पेजों को अपडेट करना शुरू कर दिया है।
कॉलेजों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल प्रतियोगिताओं, सेमिनार, प्लेसमेंट गतिविधियों और विद्यार्थियों की उपलब्धियों से जुड़े पोस्ट नियमित रूप से साझा किए जा रहे हैं। इसके अलावा शिक्षक भी अपने निजी सोशल मीडिया अकाउंट्स से कोर्स, कॅरिअर विकल्प और कॉलेज की विशेषताओं की जानकारी साझा कर रहे हैं।
पूर्व छात्रों को भी इससे जोड़ा जा रहा है। कई कॉलेज पूर्व छात्रों के नाम से यूट्यूब चैनल तैयार कर रहे हैं जहां वे अपने अनुभव और सफलता की कहानियां साझा करेंगे। इससे न केवल वर्तमान छात्रों को प्रेरणा मिलेगी बल्कि संस्थानों की विश्वसनीयता भी बढ़ेगी। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि बदलसे दौर में सोशल मीडिया से कॉलेज का प्रचार प्रसार करना बेहद जरूरी है। रील्स बनाकर या फिर अपनी उपलब्धियों को पेज पर अपलोड करें।
एसएनसेन कॉलेज ने शुरू किया डिजिटल अभियान
एसएनसेन डिग्री कॉलेज ने अपने सोशल मीडिया पेजों को सक्रिय कर दिया है। शिक्षकों ने कॉलेज की उपलब्धियों का ब्रोशर तैयार किया है जिसे फेसबुक और इंस्टाग्राम पर बने कॉलेज और स्वयं के पर्सनल एकाउंट पर साझा किया जा रहा है। आसपास के स्कूलों से 12वीं के विद्यार्थियों का डाटा जुटाकर उनसे संपर्क भी किया जा रहा है।
पूर्व छात्रों के अनुभवों को मिलेगा मंच
श्रीशक्ति डिग्री कॉलेज पूर्व छात्रों की उपलब्धियों पर आधारित यूट्यूब चैनल शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसमें पूर्व छात्रों का सहयोग भी लिया जाएगा। वहीं कैंपस, पाठ्यक्रम और सुविधाओं से जुड़ी जानकारी भी कॉलेज के सोशल मीडिया पेज और शिक्षकों के एकाउंट के माध्यम से सोशल मीडिया से प्रसारित की जा रही है।
छोटी-छोटी रील्स से बढ़ाएंगे पहुंच
कानपुर विद्या मंदिर में कॉलेज के इतिहास, उपलब्धियों और कैंपस को दर्शाने वाली छोटी-छोटी रील्स बनाई जा रही हैं। इन्हें कॉलेज, शिक्षक और वर्तमान छात्राओं के सोशल मीडिया एकाउंट से साझा किया जा रहा है। संस्थान भविष्य में इंफ्लुएंसर्स के माध्यम से प्रचार-प्रसार की योजना भी बना रहा है।