कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को महिला सुरक्षा और शिक्षा को लेकर भाजपा सरकार पर तंज कसा। प्रियंका ने अमर उजाला डॉट कॉम की खबर 'आर्थिक तंगी से रिक्शा चालक की बेटी नहीं पढ़ पाई तो दी जान' को ट्वीट किया।
साथ ही लिखा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार का ध्यान ऐसे किसी मुद्दे पर नहीं जाता है। हम सबको ये संकल्प लेना चाहिए कि हर महिमा की शिक्षा और सुरक्षा के हक को कायम करेंगे।
बताते चलें कि कानपुर में आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण हाईस्कूल के बाद पढ़ाई छूट जाने से क्षुब्ध बर्रा थाना क्षेत्र निवासी युवती ने शनिवार को फांसी लगा ली। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रिक्शा चालक बंसल सक्सेना पत्नी आशा व दो बेटियों महिमा (18) और हेमा के साथ बर्रा आठ सी ब्लॉक में किराये के मकान में रहते हैं। आशा लोगों के घरों में काम करती हैं। थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि शनिवार को घर पर महिमा अकेले थी।
दोपहर को काम से लौटने पर आशा को महिमा का शव दुपट्टे के सहारे पंखे के कुंडे से लटका मिला। पुलिस के अनुसार जांच में पता चला कि आर्थिक स्थित खराब होने की वजह से हाईस्कूल के बाद महिमा की पढ़ाई बंद करा दी गई थी जबकि, वह आगे और पढ़ना चाहती थी।
इसी बात से वह दुखी थी। महिमा की बड़ी बहनों सोनी और शिवानी की शादी हो चुकी है। वहीं, पुलिस ने युवती के पास से उसका मोबाइल फोन बरामद किया। लास्ट कॉल युवती के जीजा की मिली है, जिनसे बात करने के बाद ही महिमा ने फांसी लगाई।