इवेट डॉक्टरों ने सुबह 10 से 12 बजे तक हड़ताल रखी
इलाहाबाद के जीवन ज्योति अस्पताल में निदेशक डॉ. एके बंसल की हत्या के विरोध में शुक्रवार को शहर के डॉक्टरों ने नर्सिंगहोम और क्लीनिकों में दो घंटे कार्य बहिष्कार किया। शाम को आमसभा में कैंडल जलाकर डॉ. बंसल को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। साथ ही उनके हत्यारों की गिरफ्तारी, चुनाव के दौरान डॉक्टरों के असलहे जमा न करने और सुरक्षा की मांग की। ऐसा न होने पर प्रदेशव्यापी हड़ताल की धमकी दी। मुख्यमंत्री को संबोधित तीन सूत्री ज्ञापन डीएम को भेजा।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) स्टेट हेडक्वार्टर के आह्वान पर शुक्रवार को एसोसिएशन के सदस्यों ने सुबह 10 से 12 बजे तक नर्सिंगहोम, क्लीनिकों में ओपीडी और इंडोर वार्डों में कार्य बहिष्कार किया। इमरजेंसी चलती रही। शाम 4 बजे आईएमए भवन परेड में आमसभा बुलाई गई। इसमें उक्त वारदात की भर्त्सना की गई। स्थानीय स्तर पर डॉक्टरों की सुरक्षा, चुनाव के दौरान भी उनके लाइसेंसी हथियार जमा न करने की अनुमति देने की मांग की गई। जल्द ऐसा न होने पर प्रदेशभर में डॉक्टरों की हड़ताल की धमकी दी गई।
आमसभा में आईएमए अध्यक्ष डॉ. प्रवीण कटियार, ज्वाइंट एक्शन कमेटी के चेयरमैन डॉ. आरएन चौरसिया, सचिव डॉ. राहुल मिश्रा, आईएमए यूपी के संयुक्त सचिव डॉ. पंकज गुलाटी, डॉ. किरन पांडेय, डॉ. एसी अग्रवाल, डॉ. देवाज्योति देवराय आदि शामिल रहे।