आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार प्राइवेट बस टायर फटने के बाद डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई। करीब 25 लोग घायल हो गए।
हादसा तिर्वा कोतवाली के फगुहा भट्ठे के समीप हुआ। यूपीडा की टीम ने एंबुलेंस से यात्रियों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। यहां इनका इलाज चल रहा है। मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
हादसे की जानकारी पर डीएम रवींद्र कुमार, एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह और एएसपी विनोद कुमार एक्सप्रेसवे पर पहुंच गए। राहत कार्य में तेजी लाने के आदेश दिए।
जयपुर से बुधवार दोपहर रवाना हुई बस का रात करीब 11 बजे तिर्वा फगुहा भट्ठे के समीप टायर फट गया। चालक बस को जब तक नियंत्रित करता, वह डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई।