इटावा। आगरा-कानपुर हाईवे पर सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे महाकुंभ से लौट रही निजी बस (25 सीटर ट्रैवलर) आगे खड़े ट्राॅले में जा घुसी। हादसे में दो महिला श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 23 गंभीर रूप से घायल हो गए। करीब 25 मिनट बाद घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। यहां नाजुक हालत मेंदो लोगों को सैफई रेफर किया गया। हादसे की वजह चालक को झपकी आना माना जा रहा है।
सुबह महाकुंभ से श्रद्धालुओं को स्नान करवाकर निजी बस दिल्ली लौट रही थी। आगरा-कानपुर हाईवे स्थित सुल्तानपुर कला समीप हाईवे किनारे एक खराब ट्राॅला खड़ा था। सवारियों से भरी बस इसी ट्रॉले में जा घुसी। इससे श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर ही नोएडा सेक्टर 128 स्थित सुल्तानपुर के एचपी हॉस्पिटल के रहने वाली मीरा (35) पत्नी मनोज व मीरा (55) पत्नी प्रमोद झा की मौके पर मौत हो गई।
सूचना पर थाना पुलिस और एनएचएआई की टीम पहुंची। घायलों को निकालना शुरू किया गया। बस को हाइड्रा मशीन से काटकर किसी तरह चालक को बाहर निकाला गया। पांच एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद नोएडा सेक्टर 128 स्थित सुल्तानपुर निवासी बस चालक सरमन कुंजबिहारी (45) व कुसुम (49) पत्नी सुनील को नाजुक हालत में सैफई आयुर्विज्ञान विवि. रेफर कर दिया गया।
वहीं, अन्य घायलों का जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। एसओ अमित मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा चालक के झपकी आने से हुआ है। बस में एक ही चालक होने की बात जांच में सामने आई है। घटना में दो महिलाओं की जान चली गई है।
सरमन कुंजबिहारी (45), कुसुम (49) पत्नी सुनील, सौरभ (19) , सुनीता (40) पत्नी अनिल, पवन (25), संजू (28), शिवदेवी (50) पत्नी सूरनिहाल सिंह, मुन्नी (40) पत्नी परशुराम, कुसुम (49) पत्नी सुनील, पर्वत खां (60), राधा (42) पत्नी किशन सिंह, चैनपाल (42), कुंती (48) पत्नी कुलवीर, रिंकू झा (32), रविंद्र (44), सरिता (45) पत्नी रविन्द्र, अर्चना (35) पत्नी रवींद्र प्रसाद, सीमा (40) आनंद, आनंद (32), हेमलता (35) पत्नी ब्रजमोहन, स्वाती (30) पत्नी नवीन, नगन शर्मा (32) पुत्र बिंदेश्वर, देवी (25) बब्बू घायल हो गए। सभी घायल नोएडा सेक्टर 128 स्थित एचपी हॉस्पिटल के रहने वाले हैं।