कानपुर देहात। अकबरपुर में कोतवाली के पास बुधवार दोपहर निजी बस ने सवारी उतार रही रोडवेज बस में पीछे से टक्कर मार दी। इससे दोनों बसों के चालक समेत बारह लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया साथ ही दोनों बसों को कब्जे में लिया। घायलों में सभी गैर जनपदों के रहने वाले हैं।
अकबरपुर कोतवाली के पास कानपुर जाने वाली लेन में एक रोडवेज बस सवारी उतार रही थी। इसी बीच पंजाब से खागा जा रही निजी बस ने रोडवेज बस में पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में फतेहपुर जिले के असोथर निवासी रोडवेज बस चालक बबलू सिंह, रसूलपुर किशनगंज के राजेश कुमार, माखमपुर हुसैनगंज के फूलचंद्र, रायबरेली के सोहन लाल, समरखा कमसिन बांदा के नत्थूराम, विश्वबैंक बर्रा कॉलोनी कानपुर के अजय कुमार, तीस फीट रोड फिरोजाबाद के वसीम अख्तर, बिधनू कानपुर का प्रदीप, जलौन निवासी मुन्नी, प्राइवेट बस चालक नयागंज लुधियान पंजाब का सिकंदर सिंह, पंजाबी कॉलोनी इटावा निवासी शिवकुमार, शिवबिहार कॉलोनी इटावा के प्रमोद कुमार घायल हो गए।
पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल बस से निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डाक्टरों ने भर्ती कर उपचार शुरू किया। कई लोग प्राथमिक उपचार कराने के बाद निजी अस्पतालों में चले गए। कोतवाल तुलसीराम पांडेय ने बताया कि दुर्घटना में कुल 12 लोग घायल हुए हैं। सभी को जिला अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटनाग्रस्त बसें कब्जे में ली गई हैं।