विधानसभा चुनाव में घर-घर पकड़ बनाने और प्रदेश व केंद्र सरकार के विकास कार्यों की जानकारी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को वर्चुअल रैली को संबोधित किया। बजट और आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था पर आधारित संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने महिलाओं को घर की मालकिन बनाने का काम किया है।
कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र से जुड़ी सभी 52 विधानसभा सीटों से जुड़े मतदाताओं व पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच आयोजित इस रैली में शामिल होने के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग एलईडी स्क्रीन लगाई गईं। जहां पर विधानसभा क्षेत्रवार पदाधिकारी, कार्यकर्ता व आम लोग पहुंचे।
पीएम मोदी ने कहा कि जो लोग पहले झोपड़पट्टी में रहते थे, अब उनके पास अपना पक्का घर है। पहले के मुकाबले इन घरों के लिए धनराशि बढ़ाई गई और घरों का साइज भी बढ़ाया गया है, ताकि बच्चों को पढ़ाई के लिए उपयुक्त जगह मिल सके। कहा कि यह समय नए अवसरों का है।
बहुत जरूरी है कि भारत आत्मनिर्भर बने, जिससे एक आधुनिक भारत का निर्माण हो। मोदी ने कहा कि अब पोस्ट ऑफिस के खातों में भी बैंकों की तरह ही मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, एटीएम और ऑनलाइन फंड ट्रांसफर की सुविधा भी मिलेगी।
सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रमों का आयोजन वहां के पार्टी के विधायकों, चुनाव प्रत्याशियों व जिलाध्यक्षों के माध्यम से किया गया था। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सतीश महाना, राज्यमंत्री नीलिमा कटियार, क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, विधायक सुरेंद्र मैथानी, महेश त्रिवेदी, अभिजीत सिंह सांगा, सलिल विश्नोई, सुरेश अवस्थी, रघुनंदन भदौरिया, जिलाध्यक्ष सुनील बजाज, डॉ. वीना आर्या, कृष्ण मुरारी शुक्ला, मोहित पांडेय, उमेश निगम, शिवराम सिंह, दिनेश राय, मनीष त्रिपाठी आदि शामिल रहे।
महापौर प्रमिला पांडेय ने ज्ञान भारती बालिका इंटर कालेज, बिरहाना रोड पर संबोधन सुना। इस मौके पर क्षेत्रीय पार्षद विकास जायसवाल भी मौजूद रहे।