अपने संबंधोन में पीएम ने सौभाग्य योजना की चर्चा की। उन्होंने कहा कानपुर के डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों को बिजली कनेक्शन देकर उनके जीवन से अंधेरा मिटाया गया है। कानपुर के लोगों के लिए हजारों करोड़ के प्रोजेक्ट की शुरुआत की गई है। पहले की सरकारों की नीयत काम करने की होती तो अंधेरा कब का दूर हो गया होता।
मंच से पीएम मोदी ने पूर्व की सरकारों पर तंज कसते हुए कहा करोड़ों रुपए गंगा को अविरल बनाने के नाम पर लिए गए लेकिन गंगा की गंदगी दूर नहीं हुई। तिजोरी तो खाली हो गयी लेकिन गंगा जी में गंदगी बनी ही रही। भाजपा ने देश की जनता को यकीन दिलाया है कि नामुमकिन भी अब तो मुमकिन है।
स्वार्थ की राजनीति के कारण राजनीतिक विरोधी जो बयानबाजी कर रहे हैं उसका लाभ आतंक के सरपरस्त उठा रहे हैं। आज जब पाकिस्तान पर पूरी दुनिया का दबाव है। वो रंगे हाथों पकड़ा गया है, अब वाे पूरी दुनिया में कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं बचा है।
सीएम योगी ने कहा कि अब तक जिन कार्यों को नामुमकिन कह कर देश की जनता को वंचित रखा गया था 2014 के बाद मोदी जी ने उसे मुमकिन बना दिया। क्योंकि मोदी हैं तो सबकुछ मुमकिन है, उन्होंने नामुमकिन को मुमकिन बना दिया। सीएम योगी ने मंच पर लगाए मोदी हैं तो मुमकिन है के नारे।
मंच पर चढ़ते ही डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने जय श्रीराम के नारे लगाए। उन्होंने कहा प्रयागराज के कुंभ में मोदी जी ने जिस प्रकार से सफाई कर्मचारियों के चरण धुलकर समरसता का संदेश दिया है, उस प्रकार कोई नहीं कर सकता। सर्जिकल और एयर स्ट्राइक के बाद सिर्फ जनता मोदी के साथ रहे बाकी सब एक हो जाएं कोई फर्क नहीं पड़ता।
डिप्टी सीएम बाेले लक्ष्मी जी न हाथ के पंजे पर बैठ कर आती हैं, न सपा की साइकिल पर आती हैं न बसपा के हाथी परआती हैं, लक्ष्मी जी विकासरूपी कमल के फूल पर ही बैठकर आती हैं। उन्होंने इस दौरान 100 में 60 हमारा है बाकी सब बंटवारा है का नारा बुलंद किया।
रैली में मौजूद सांसद मुरली मनोहर जोशी ने कहा भारत की अर्थव्यवस्था का तेजी से विकास हो रहा है। अर्थव्यवस्था छलांग लगाते-लगाते चीन को पछाड़ने के कगार पर पहुंच गयी है। भारत की सेनाएं सीमा पार कर शत्रुओं से लोहा ले रही हैं। इससे पहले ऐसा कभी नहीं हुआ, क्योंकि इससे पहले की सरकारें नपुंसक थीं।