प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 मार्च को कानपुर आगमन के दौरान आईआईटी से हैलट तक मेट्रो रेल के ट्रैक का शिलान्यास कर सकते हैं। एलएमआरसी उनके आगमन से पहले इस रूट के टेंडर और धन की व्यवस्था करने पर विचार-विमर्श कर रहा है। वे महावीर नगर आवासीय योजना की आंतरिक सड़कों का शिलान्यास भी कर सकते हैं।
लखनऊ में मेट्रो रेल प्रोजेक्ट पूरा कर चुकी एलएमआरसी (लखनऊ मेट्रो रेल कारपोरेशन) को कानपुर में भी मेट्रो रेल के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पहले चरण में आईआईटी से मोतीझील तक मेट्रो रेल संचालन शुरू करने की योजना है। इस मेट्रो रूट के लिए एलएमआरसी ने पिछले साल टेंडर भी जारी किए थे, इसकी अनुमानित लागत 734 करोड़ रुपये थी, बाद में टेंडर प्रक्रिया रोक दी गई थी।
सरकार के निर्देश पर इस परियोजना की लागत घटाने के लिए मोतीझील स्टेशन हटा दिया गया है, जबकि हैलट मेट्रो स्टेशन को पोस्टमार्टम हाउस के पास बनाने की योजना बनाई जा रही है, ताकि इस स्टेशन में पश्चिम की तरफ उतरने वाले यात्री हैलट की तरफ जा सकें। इसके टेंडर जल्द कराने की योजना बनाई जा रही है।