कन्नौज के गुरसहायगंज कोतवाली के कोटिया गांव में एक तिलक समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में पुरोहित को गोली लग गई। उन्हें सीएचसी गुरसहायगंज में भर्ती कराया गया जहां से उन्हें कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया है।
बरगांव प्रतिनिधि ने बताया कि कोटिया गांव निवासी नरेंद्र कुमार यादव के तिलक कार्यक्रम के लिए कई लोग कानपुर बिठूर क्षेत्र से आए थे। मंगलवार रात तिलक समारोह का कार्यक्रम हो रहा था। अमोलर निवासी पुरोहित पंडित विनय कुमार पांडेय (30) तिलक कार्यक्रम की रस्में पूरी करा रहे थे।
जैसे ही नरेंद्र के हाथ पर थाल रखा गया, तभी दोस्त व रिश्तेदार हर्ष फायरिंग करने लगे। इसी दौरान पुरोहित को गोली लग गई। गोली लगते ही तिलक में भगदड़ मच गई। घायल पुरोहित को निजी वाहन से नरेंद्र के परिजन सीएचसी लेकर गए जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा गया।
वहां से घायल पुरोहित को कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की और एक युवक को हिरासत में लिया है। घायल के परिजन भी कानपुर पहुंच गए हैं।