कानपुर। सहालगी सीजन के बीच गैस कंपनियों ने कॉमर्शियल सिलिंडर के दाम बढ़ा दिए हैं। शहर में 19 किलो वाला कॉमर्शियल सिलिंडर 3091.50 रुपये में मिलेगा। कंपनियों ने प्रति सिलिंडर 992.50 रुपये दाम बढ़ाए हैं। पहले इसके दाम 2099 प्रति सिलिंडर था। दाम में इतनी तेजी के बीच मिठाई कारोबारियों ने मिठाई समेत अन्य खाद्य उत्पादों के भाव 10-20 प्रतिशत तक बढ़ा दिए हैं।
अभी शहर में कॉमर्शियल सिलिंडरों की मांग के अनुरूप बहुत कम आपूर्ति हो पा रही है। ऐसे में इन सिलिंडरों में जमकर कालाबाजारी हो रहा है। व्यवसायियों को ये सिलिंडर 1000-1200 रुपये अभी तक महंगे मिल रहे थे। अब दाम बढ़ने से और भी जेब ढीली करनी पड़ेगी। कारोबारियों ने बताया कि पिछले साल दिसंबर में कॉमर्शियल सिलिंडर के दाम 1603 रुपये थे। केवल चार महीने में ही दाम दो गुना बढ़ गए हैं।
शहर में प्रतिदिन 50 करोड़ रुपये का दैनिक खानपान है। 5000 से अधिक होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई और नमकीन संचालक हैं। छोला-भटूरा, पूड़ी-सब्जी, जलेबी, खस्ता और समोसा भी प्रतिदिन बनता है। सड़क किनारे, गलियों में रेहड़ी पटरी दुकानदार समोसा, जलेबी, खस्ता, पूड़ी-सब्जी का व्यापार करते हैं। ये पूरी तरह से असंगठित क्षेत्र है। ऑनलाइन फूड का कारोबार पांच करोड़ से ज्यादा का है।
12 वाला समोसा 15 रुपये का
कॉमर्शियल गैस सिलिंडर के दाम बढ़ने से 480 रुपये किलो की जलेबी अब 525 रुपये में मिल रही है। 12 का समोसा अब 15 रुपये का हो गया है। दो कचौड़ी 70-80 रुपये में बेची जा रही हैं। 20 रुपये पीस वाली इमरती 25-30 में मिल रही है। फास्ट फूड और पानी के बतासे भी महंगे हो गए हैं।
-
संकट के समय शहर का कारोबारी हमेशा सरकार के साथ रहा है। अब कारोबारियों को सरकार के साथ की जरूरत है। कॉमर्शियल सिलिंडरों के दाम हर महीने बढ़ते थे लेकिन इतनी तेजी कभी नहीं आई।
श्यामलाल मूलचंदानी, कार्यवाहक अध्यक्ष, कानपुर होटल, गेस्ट हाउस, स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन।
-
कॉमर्शियल गैस सिलिंडर पहले से नहीं मिल रहे हैं और कंपनियां रेट बढ़ाती जा रही हैं। ग्राहकों को तो ये सब पता नहीं होता है। यदि रेट बढ़ा तो ग्राहकी घटने की आशंका रहती है। कारोबार में मुनाफा घटता जा रहा है। -दीपक सिंघवानी, मिठाई, नमकीन कारोबारी
दिसंबर 2025 में कॉमर्शियल सिलिंडरों के दाम 1603 रुपये थे। अब ये सिलिंडर 3091.50 रुपये में मिलेगा। चार महीने में करीब दो गुना दाम बढ़ गए हैं। मिठाई समेत समोसा आदि के दाम 10-20 प्रतिशत बढ़ा दिए गए हैं। 12 वाला समोसा 14-15 रुपये में हो गया है। अविनाश शुक्ला, मिठाई कारोबारी