यूपी के कानपुर देहात के परौंख गांव में राष्ट्रपति ने प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने के लिए प्रोटोकॉल तोड़ा। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि कोविंद ने उन्हें बताया कि वह व्यक्तिगत रूप से हेलीपैड पर आए थे क्योंकि प्रधानमंत्री उनके गांव के अतिथि थे। मोदी ने कहा, आज जब राष्ट्रपति मेरा स्वागत करने आए तो मैं शर्मिंदा महसूस कर रहा था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के गांव परौंख पहुंचे। पहले से गांव में मौजूद राष्ट्रपति ने सांविधानिक प्रोटोकॉल तोड़कर प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
विज्ञापन
इस पर मोदी ने कहा, आज जब राष्ट्रपति मेरा स्वागत करने आए तो मैं शर्मिंदा महसूस कर रहा था। हम उनके मातहत काम करते हैं। पद की अपनी गरिमा होती है। पीएम ने कहा कि वह (राष्ट्रपति) संविधान का आदर करते हैं लेकिन गांव में एक ग्रामीण के रूप में मेरा स्वागत कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने राष्ट्रपति के साथ गांव के पथरी देवी मंदिर में पूजा की और मिलन केंद्र का दौरा किया। मिलन केंद्र राष्ट्रपति का पैतृक घर है जिसे उन्होंने सामुदायिक कार्य के लिए दान कर दिया है। मोदी ने गांव में कहा, यह देव भक्ति और देशभक्ति की भूमि है। इस मिलन केंद्र के जरिये राष्ट्रपति ने महिला सशक्तीकरण को नई दिशा दी है।
विज्ञापन
एक आदर्श गांव के रूप में परौंख दूसरों के लिए एक उदाहरण बनेगा। यह हमारी जिम्मेदारी है कि भारतीय गांवों का आधुनिकीकरण करें। यही नए भारत का विचार है। देश के आगे बढ़ने के लिए गांवों को बेहतर बनाना जरूरी है। आदर्श गांव के रूप में परौंख में योग पार्क, ओपन एयर जिम, पुष्टाहार वाटिका समेत आंगनबाड़ी केंद्र समेत कई सुविधाएं उपलब्ध हैं।