कानपुर देहात। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का 25 जून को कानपुर नगर व देहात में तीन दिवसीय दौरा हो सकता है। सूत्रों के अनुसार राष्ट्रपति एक दिन कानपुर नगर, एक दिन पैतृक गांव परौंख व दूसरे दिन पुखरायां में रुक सकते हैं। इस दौरान वह लोगों से भी मिलेंगे। इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री व राज्यपाल भी शामिल होंगे। जिले में इसके लिए तैयारियां पहले से ही की जा रही हैै।
डेरापुर तहसील क्षेत्र के पैतृक गांव परौंख में जून के पहले सप्ताह से ही राष्ट्रपति के दौरे की संभावना जताई जा रही थी। जानकारी के बाद अफसर राष्ट्रपति के गांव में विकास कार्य तेजी से करा रहे हैं। इधर, जिला प्रशासन के सूत्रों के मुताबिक कार्यक्रम लगभग तय हो चुका है। राष्ट्रपति का 25 से 27 जून के बीच दौरा होगा। बताया जा रहा है कि 25 जून को वह कानपुर नगर में रहेंगे।
जबकि 26 व 27 जून को वह जिले में रहेंगे। तीन दिनों में एक जगह पर लोगों से भी मिलेंगे। सूत्रों की माने तो इस सभा में सीएम आदित्यनाथ योगी भी शामिल हो सकते हैं। इधर, जानकारी के बाद जिला प्रशासन और हरकत में आ गया है। कार्यक्रम में कोई चूक न हो इसके लिए अफसरों को निर्देश दिए जा रहे हैं। सुबह से शाम तक डीएम अफसरों के साथ बैठक कर रहे हैं।
राष्ट्रपति के संभावित आगमन को लेकर अधिकारियों को तैयारी करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। किसी प्रकार की चूक नहीं होने दी जाएगी। - सौम्या पांडेय, सीडीओ