कानपुर महापौर प्रमिला पांडेय ने शनिवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से नगर निगम के सभी 42 अस्पताल, औषधालय चालू कराने के लिए पत्र देकर आग्रह किया। महापौर ने उन्हें बताया कि अस्पताल में इलाज शुरू होने पर लाखों शहरवासी लाभान्वित होंगे।
महापौर ने बताया कि राष्ट्रपति ने प्रस्ताव अपने साथ आए स्टाफ को दे दिया है और कहा है कि पत्र को आगे बढ़ाएंगे। सर्किट हाउस में राष्ट्रपति से करीब सात मिनट मुलाकात के दौरान महापौर ने उन्हें चाचा नेहरू अस्पताल चालू कराने की तैयारियों की जानकारी दी। राष्ट्रपति ने महापौर से उनके परिवार का हालचाल पूछा। राष्ट्रपति ने कहा कि वह यहां के अखबार पढ़ते हैं, जिनसे उन्हें महापौर की सक्रियता की जानकारी मिलती रहती है।
विष्णुपुरी सेंट्रल पार्क की जानकारी दी
महापौर ने उन्हें विष्णुपुरी सेंट्रल पार्क का सुंदरीकरण नगर निगम से कराए जाने की जानकारी दी। महापौर ने बताया कि आपके उद्घाटन के बाद पार्क उजड़ गया था, उसमें अवैध कब्जे हो गए थे, जो हटवा दिए गए हैं। बता दें कि ‘अमर उजाला’ ने इस पार्क की बदहाली की खबर प्रकाशित की थी जिसके बाद नगर निगम और श्रम विभाग के अफसरों ने इसकी सुध ली थी।
राष्ट्रपति को महापौर ने सौंपी शहर की चाबी
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को महापौर प्रमिला पांडेय ने सर्किट हाउस में शहर की चाबी सौंपी। राष्ट्रपति ने तत्काल उन्हें चाबी लौटा दी। कहा, इसे वे अपने पास रखें। महापौर सुबह सर्किट हाउस गईं तो गार्डों ने रोक दिया। उनका कहना था कि राष्ट्रपति से मिलने के लिए वैद्य पहचानपत्र नहीं है और न ही राष्ट्रपति से मिलने वालों की सूची में नाम है। महापौर नाराजगी जताते हुए लौट आईं। दोबारा सर्किट हाउस जाने पर उनकी राष्ट्रपति से मुलाकात हुई।