कानपुर। साइबर ठग राजबीर सिंह यादव उर्फ ओमकार का गिरोह की काली कमाई से तैयार की गई कोठी, लग्जरी गाड़ियां और जमीनें जब्त की जाएंगी। इसके अलावा उन पर गैंगस्टर की भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह में काम करने वाले गोल्ड लोन के माध्यम से भी काला पैसा सफेद कराते थे। पुलिस की जांच में सामने आया है कि बैंककर्मी गिरोह को ऐसे लोगों की जानकारी देते थे जो लोन लेने के बाद किस्त नहीं चुका पाते थे। इसके बाद राजवीर और उसके साथी लोन लेने वाले को कुछ धनराशि अतिरिक्त देकर उसका सोना एक बैंक से निकालकर दूसरी में जमा कराकर उस पर लोन पास करा लेते थे। पुलिस का कहना है कि साइबर ठगों की कोठियों, गाड़ियों और जमीनों का ब्यौरा जुटाया जा रहा है और उन्हें जब्त करने की तैयारी का जा रही है। एडीसीपी साउथ सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि संपत्तियों की सूची बनाई जा रही है। (ब्यूरो)