कानपुर देहात। जनपद में पंचायत-निकाय व विधानसभा सूची में वोटों का अंतर है। विधानसभा सूची में 2.97 लाख मतदाता कम हैं। यह अंतर पाटने के लिए भाजपा ने तैयारी की है। 22 से 24 नवंबर तक विशेष अभियान चलाकर मतदाता जोड़े जाएंगे। वहीं, दिसंबर अंत तक अभियान पूरा करने की रूपरेखा बनी है।
जनपद में अकबरपुर-रनियां, रसूलाबाद, भोगनीपुर व सिकंदरा विधानसभा है। विधानसभा की मतदाता सूची के एसआईआर के बाद इन चार विधानसभा में कुल 1185313 मतदाता दर्ज हैं। वहीं, पंचायत व निकाय की सूची में कुल 1483235 मतदाता हैं। इन आंकड़ों के अनुसार देखें तो चार विधानसभा की सूची में 2.97 लाख मतदाता कम हैं। पंचायत व निकाय की सूची में अधिक मतदाता दर्ज होने और विधानसभा की सूची में इनकी संख्या कम होने पर सवाल उठ रहे हैं।
निर्वाचन आयोग ने विधानसभा मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम तय किया है। इसमें 17 नवंबर को मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां ली जानी हैं। आए दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाना है। प्रधानी व विधानसभा सूची में मतदाताओं के अंतर को पाटने के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रयास होंगे।
वहीं, संक्षिप्त पुनरीक्षण में भाजपा ने यह बड़ा अंतर कम करने का बीड़ा उठाया है। जिलाध्यक्ष की ओर से शक्ति केंद्रों की जिम्मेदारी सांसद, विधायक व संगठन के पदाधिकारियों को दी गई है। दरअसल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंचायत सूची में दर्ज वोटरों के नाम विधानसभा सूची में नाम जुड़वाने को कहा है। इसी को लेकर जिलाध्यक्ष की ओर से आवेदन की अपील की गई है। पार्टी की ओर से तय की गई 22 से 24 नवंबर की तिथियों में भाजपाई बूथ पर रहकर पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की पहल करेंगे।
................
शक्तिकेंद्र के जरिये करेंगे निगरानी
17 नवंबर को मतदाता सूची का प्रकाशन होना है। इससे विधानसभाओं में मतदाताओं की सही स्थिति की जानकारी मिलेगी। जनपद में 1143 मतदान केंद्र और 1659 मतदेय स्थल (बूथ) हैं। पार्टी ने कम से कम पांच व अधिकतम सात बूथ मिलाकर शक्तिकेंद्र बनाए हैं। 263 शक्तिकेंद्र से मतदाता सूची में मतदाता जोड़ने के अभियान की निगरानी करेंगे। छूटे मतदाताओं के नाम विधानसभा मतदाता सूची में जोड़वाने के लिए संगठन की ओर से तैयारी की गई है। प्रधानी व नगर निकाय की वोटर लिस्ट के नाम विधानसभा की मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए भी लोगों ने आवेदन करने की अपील की गई है। प्रधानी-निकाय की सूची से विधानसभा सूची में मतदाता कम होने का बड़ा अंतर है। अभियान में पात्रों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाकर इसे ठीक कराने की हर संभव कोशिश की जाएगी। - रेणुका सचान, जिलाध्यक्ष भाजपा
................
फार्म-6 भरकर सूची में जुड़वा सकते नाम
अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के अनुसार जिन युवाओं की उम्र 18 साल पूरी हो रही है वह संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान फार्म-6 भरकर विधानसभा मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकते हैं। इसके साथ ही 21, 22, 28 व 29 नवंबर को सभी 1659 बूथों पर विशेष शिविर लगेंगे। यहां पात्र व्यक्ति बूथ पर पहुंच कर फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकते हैं। इन तिथियों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बीएलओ बूथ पर बैठेंगे। - अंकित शुक्ला, उप जिला निर्वाचन अधिकारी
................
नगर निकाय में मतदाता
निकाय- मतदाता
पुखरायां- 41581
झींझक- 23867
अकबरपुर-38288
रूरा- 13971
रनियां- 27883
अमरौधा- 8441
मूसानगर-18918
डेरापुर- 6468
कंचौसी- 9417
सिकंदरा-11990
राजपुर- 15362
रसूलाबाद- 19707
शिवली- 7217
कुल- 243110
...................
प्रधानी में ब्लॉकवार मतदाता
ब्लॉक- मतदाता
अकबरपुर- 122834
सरवनखेड़ा-126865
अमरौधा- 120281
मलासा- 119373
डेरापुर- 102617
झींझक- 112565
संदलपुर-95607
राजपुर-99939
मैथा- 143669
रसूलाबाद-196375
कुल- 1240125
...............
विधानसभावार मतदाता
रसूलाबाद- 286957
अकबरपुर-रनियां- 293099
सिकंदरा- 299031
भोगनीपुर- 306226
कुल 1185313
.....................
एसआईआर पर एक नजर
मतदाता बनने की अर्हता तिथि एक जनवरी 2026 के आधार पर जनपद की चारों विधानसभा की सूची में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम चला। छह जनवरी से 6 मार्च तक दावे एवं आपत्तियां ली गई। एसआईआर के पूर्व कुल 1336177 मतदाता थे। एसआईआर के दौरान 203957 मतदाताओं द्वारा डुप्लिकेट, मृतक, शिफ्टेड आदि होने के कारण गणना प्रपत्र जमा नहीं किए गए तो इन्हें सूची से हटा दिया गया। 6 जनवरी 2026 को कच्ची सूची प्रकाशित की गई इसमें कुल 1132220 मतदाता शामिल रहे। प्रकाशित सूची में 124197 मतदाताओं द्वारा परिवार से मैप न किए जाने के कारण और 147939 तार्किक विसंगति वाले मतदाता समेत कुल 272136 मतदाताओं को नोटिस दी गई। इसके बाद सुनवाई कर पक्की सूची 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित हुई थी।