कानपुर स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एकेटीयू) और उससे संबद्ध प्रदेश के सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों में अगले साल से ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेईई) मेन की रैंक के आधार पर एडमिशन देने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए सभी कॉलेजों से राय मांगी गई है। अभी एकेटीयू खुद राज्यस्तरीय प्रवेश परीक्षा कराती है।
अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी फॉर हैंडीकैप्ड (एआईटीएच) के तीन दिवसीय फेस्टिवल शंखनाद-2019 के रविवार को हुए समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि आए एकेटीयू के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने बताया कि इससे देशभर के अच्छे बच्चों को भी यूपी के कॉलेजों में पढ़ने का मौका मिलेगा। हालांकि एडमिशन में प्राथमिकता प्रदेश के छात्रों को ही दी जाएगी। उन्होंने गरीब सामान्य वर्ग के छात्रों को अगले साल प्रवेश में 10 प्रतिशत आरक्षण देने की भी बात कही।