हैडर्ड हाईस्कूल में कक्षा 8 की छात्रा दिलप्रीत कौर ने शुक्रवार को गैंजेज क्लब में ‘गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्डस’ के लिए दो नये रिकार्ड बनाने का सफल प्रदर्शन किया।
ये रिकार्ड 10 सेकेंड में ‘2 डिजिट 50 रो’ जोड़ने और 21 सेकेंड में ‘1 डिजिट 100 रो’ जोड़ने का है। इस मौके पर दिल्ली से आए लिम्का बुक के अनंत कसिबतला ने दिलप्रीत के रिकार्ड की रिकार्डिंग कर उनकी सराहना की। दिलप्रीत इससे पहले ‘4 डिजिट डिवाइडेड बाइ 2 डिजिट’ का रिकार्ड बना चुकी हैं।
दिलप्रीत ने यह सभी रिकार्ड अबेकस थ्योरी में प्रैक्टिस के जरिए बनाए हैं। बताया गया लिम्का बुक टीम कुछ दिन बाद अपना रिजल्ट बताएगी। मुख्य अतिथि डीएम कौशल राज शर्मा और अतिथि विधायक अजय कपूर ने दिलप्रीत को उनकी प्रतिभा के लिए सम्मानित किया।
कार्यक्रम में दिलप्रीत ने अबेकस थ्योरी के जरिए अपनी कला का प्रदर्शन भी किया। कार्यक्रम में दिलप्रीत के पिता मंजीत सिंह को भी सम्मानित किया गया। मंजीत सिंह ने बताया कि वे गुमटी में मेंटल मैथ स्कूल संचालित करते हैं। बेटी दिलप्रीत को रिकार्ड बनाने के लिए उन्होंने कई-कई घंटे प्रैक्टिस कराई।
दिलप्रीत ने बताया कि परिवार में मां सिमरन कौर के अलावा छोटा भाई परमजीत सिंह है। उधर, कार्यक्रम में अजय कपूर ने फरवरी माह में इस कला में माहिर सभी बच्चों को पुरस्कृत करने की घोषणा की। कार्यक्रम में ज्योति सोढ़ा, संस्थान के निदेशक देवेश कुमार, अमरजीत सिंह, सरदार नीतू सिंह और अमित रस्तोगी आदि मौजूद रहे।