कानपुर में पत्रकारों से वार्ता करते कांग्रेसी नेता प्रमोद तिवारी
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा है कि नोटबंदी दिमाग लगाकर किया गया देश का सबसे बड़ा सुनियोजित घोटाला है। प्रधानमंत्री ऐसी कंपनी (पेटीएम) का प्रचार कर रहे हैं, जिसकी 40 फीसदी हिस्सेदारी चीन की कंपनी के पास है। चीन अजहर मसूद को आतंकी घोषित करवाने में रोड़ा बना हुआ है। कंपनी के प्रचार पर कांग्रेस प्रधानमंत्री से स्पष्टीकरण और श्वेत पत्र मांग रही है। उनकी खामोशी पार्टी की आशंकाओं को सच साबित करेगी। कहा कि सपा के साथ गठबंधन पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। कांग्रेस ने सभी 403 सीटों पर संभावित दावेदारों की सूची केंद्रीय कमेटी को भेज दी है। तिवारी सोमवार को कानपुर के गोविंद नगर में कांग्रेस विधायक अजय कपूर के घर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि नोटबंदी के कारण जान गंवाने वालों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार भी संवेदना व्यक्त नहीं की। 61 दिन बीत जाने के बावजूद लोग परेशान हैं। देश में आर्थिक अराजकता के हालात हैं। प्रधानमंत्री को इसके लिए इस्तीफा देना चाहिए। जनता आगामी चुनाव में भाजपा के खिलाफ वोट देकर आक्रोश जताएगी। तिवारी ने जम्मू-कश्मीर के अखनूर आतंकी हमले में शहीद जनरल रिजर्व इंजीनियर फोर्स के कर्मचारियों के लिए शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार में सुरक्षा बलों के जवान सबसे ज्यादा शहीद हुए हैं। इसका कारण केंद्र सरकार की गलत नीतियां हैं।