वासुदेव मिश्र उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अशोक नगर की बायोलॉजी लैब में स्टूडेंट प्रैक्टिकल नहीं कर रहे बल्कि मिठाई बन रही है। प्रयोगशाला का सामान गायब है। पूरी लैब मिठाइयों से भरी पड़ी है।
हलवाई लैब के बाहर लगी तीन-चार भट्ठियों पर दीपावली के लिए तमाम मिठाइयां बनाने में जुटे हैं। मिठाई बनवा रहे इलाहाबाद स्वीट्स हाउस वालों का कहना है कि उन्होंने मिठाई बनाने के लिए स्कूल मैनेजर सुधीर कुमार से तीन-चार दिन पहले ही लैब किराये पर ली है।
‘अमर उजाला’ टीम शुक्रवार की दोपहर करीब 12:15 बजे विद्यालय पहुंची तो वहां कभी कमरे बंद थे। रिटायर हो चुके प्रिंसिपल उमाकांत दुबे (एक्सटेंशन पर हैं) के कमरे में ताला लगा था। बायोलॉजी लैब के सामने परदा पड़ा था। भीतर जा कर देखा तो लैब के बाहर भट्ठियों में चाशनी उबल रही थी। लैब के भीतर चारों तरफ मिठाई रखी थी।
कुर्सी पर बैठा शख्स कैमरा देखते ही खड़ा हो गया। पूछने पर बताया कि उसका नाम राजेश कुमार शुक्ल है। लैब में बन रही मिठाई इलाहाबाद स्वीट्स हाउस की है। लैब विद्यालय मैनेजर सुधीर कुमार मिश्रा ने किराये पर दी है। आगे बढ़ने पर कुछ किरायेदार और भी दिखे। पता चला शाम को यहां प्राइवेट कोचिंग भी चलती है।
इस बारे में बात करने के लिए मैनेजर सुधीर कुमार को कई बार फोन मिलाया गया पर उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। विद्यालय के सभी कमरों में ताला मिला। सिर्फ रूम नंबर 11 में दो बच्चे विनय सिंह (10वीं) और करन सिंह (9वीं) बैठे मिले। बच्चों ने बताया कि बाकी दो बच्चे और आए थे, पर चले गए।