यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम में कानपुर के गीता नगर निवासी वाली प्राची सिंह ने 154वीं रैंक प्राप्त कर शहर का नाम रोशन किया है। प्राची ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा में भी परचम फहराया था, लेकिन बाबा श्रीपान सिंह व नाना राजा सिंह चाहते थे कि उनकी लाड़ली पुलिस कप्तान बने।
इससे उनके अंदर आइपीएस बनने की लगन जगी और पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर ली। नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी भोपाल से एलएलएम की डिग्री प्राप्त कर चुकीं प्राची ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई की है। सिविल सेवा परीक्षा में पनकी स्थित गणेश शंकर नगर के दिलीप मिश्रा ने 460वीं रैंक प्राप्त की है।
आइआइटी प्रवेश परीक्षा व ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट (गेट) में सफलता के झंडे गाड़ चुके एचबीटीयू के पूर्व छात्र रहे दिलीप गेट क्वालीफाई कर उप्र आवास विकास में सहायक अभियंता के पद पर कार्य करने लगे। उनके पिता रमाकांत मिश्रा ग्राम पंचायत अधिकारी व मां मीरा मिश्रा गृहणी हैं।