कानपुर देहात। रूरा नगर में शनिवार रात में कॉलेज फार्म के पास रखे ट्रांसफार्मर का फेज उड़ गया। इससे 250 घरों की बिजली पूरी रात गुल रही। पसीने से लथपथ होकर लोगों ने जागते रात काटी। भोर में 3:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
रूरा उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति पटरी पर नहीं आ रही है। उमस भरी गर्मी में दिन के साथ रात में भी आंख मिचौली पसीना बहा रही है। हालात ये हैं कि रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली दूर की कौड़ी साबित हो रही है। थोड़ी-थोड़ी देर में बिजली गुल होने से उपकरण भी खराब होते हैं। इसकी तरफ बिजली निगम कर्मियों का ध्यान नहीं है। सबसे खराब स्थिति रात में दस बजने के साथ शुरू होती है। हर दस मिनट में बिजली गुल होती है, लेकिन उपकेंद्र की लॉग बुक में यह आंख मिचौली दर्ज नहीं की जा रही है। कागजों में निर्बाध बिजली का दावा है लेकिन हकीकत में उमस भरी गर्मी में बिजली कटौती रुला रही है।
कॉलेज फार्म के पास लगे ट्रांसफार्मर से फेज उड़ने की समस्या करीब एक माह से है। बिजली निगम कर्मी ओवर लोड की स्थिति का समाधान नहीं कर सके हैं। जबकि सौ-सौ केवी के दो ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराए जा चुके हैं। शनिवार रात दस बजे काॅलेज फार्म के पास रखे ट्रांसफार्मर का फेज उड़ गया। उपकेंद्र के कंट्रोल रूम का फोन नंबर स्विच ऑफ होने पर बिजली कर्मी को फोन से इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद बिजली कर्मी ने फेज जोड़ा लेकिन पांच मिनट बाद फिर से फेज उड़ गया। इसके बाद कोई बिजली कर्मी फेज जोड़ने नहीं आया।
पूरी रात पसीने से तरबतर लोग करवट बदलते रहे। बच्चे नींद पूरी नहीं होने से चिड़चिड़ाते रहे तो उन्हें संभालने में महिलाएं परेशान रहीं। जबकि बीमार व बुजुर्ग भी खासे परेशान रहे। भोर में 3:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई तब राहत हुई। इधर शास्त्रीनगर, रामनगर, बजरंग नगर आदि में भी पूरी रात बिजली की आंख मिचौली जारी रही। एक्सईएन रनियां पुष्पदेव ने बताया कि रूरा उपकेंद्र के कंट्रोल रूम का सीयूजी नंबर स्विच ऑफ होने की शिकायत मिली है। एक ही ट्रांसफार्मर का फेज बार बार उड़ने की समस्या दूर करने के लिए एसडीओ व जेई को निर्देश दिए गए हैं।
........................
फोटो- 4 रनधीरपुर का फुंका ट्रांसफार्मर। संवाद
रनधीरपुर में पांच दिन से नहीं आ रही बिजली
संदलपुर। संदलपुर उपकेंद्र से जुड़े रनधीरपुर गांव में लगा 25 केवी ट्रांसफार्मर पांच दिन से फुंका पड़ा हैं। उमस भरी गर्मी में लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। पूर्व प्रधान सतीश कुमार ने बताया कि गांव की आबादी एक हजार हैं। यहां पर 70 से अधिक घरों में बिजली के कनेक्शन हैं। 25 केवी ट्रांसफार्मर पांच दिन से फुंका पड़ा हैं। बृजमोहन कुशवाहा ने बताया कि हेल्पलाइन नंबर 1912 पर ट्रांसफार्मर फुंकने की शिकायत की गई है फिर भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा सका है। जेई सुभाष चंद्र ने बताया कि वर्क शॉप से ट्रांसफार्मर मिलने पर बदला जाएगा। (संवाद)