राजपुर। मुगल रोड पर राजपुर-शाहजहांपुर के बीच सड़क की खस्ताहाल स्थिति वाहन चालकों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। इटखुदा से जल्लापुर गांव के बीच सड़क पर कई स्थानों पर गड्ढे हो गए हैं। जिससे रात के समय आवागमन बेहद दुश्वार हो गया है। गिट्टी उखड़ने से बने बड़े-बड़े गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं।
राजपुर-शाहजहांपुर के बीच करीब 7 किलोमीटर की सड़क कई जगहों से क्षतिग्रस्त है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। स्थानीय निवासी काशिफ, इलियास, संतोष कुमार, मनोज कुमार, आलोक कुमार और जयसिंह ने बताया कि शाम ढलने के बाद इन गड्ढों की गहराई का अंदाजा न होने से राहगीर गिरकर घायल हो जाते हैं। पिछले साल सितंबर में सड़क की मरम्मत के नाम पर की गई पैचिंग का कार्य पूरी तरह बेअसर साबित हुआ है। सड़कों की दशा इतनी खराब है कि लोग प्रतिदिन चुटहिल हो रहे हैं।
लोगों ने क्षतिग्रस्त सड़कों को शीघ्र बनवाने की मांग की है। हालांकि, इस ओर न तो अधिकारी ध्यान दे रहे हैं और न ही जनप्रतिनिधि कोई सुध ले रहे हैं। लोकनिर्माण विभाग के अवर अभियंता प्रवीण कुमार ने बताया कि राजपुर-शाहजहांपुर 17 किलोमीटर सड़क के नवीनीकरण का प्रस्ताव भेजा गया है और फरवरी में सड़क मरम्मत का कार्य कराया जाएगा।