पंचायत चुनाव के चौथे चरण में घाटमपुर में 60.85 और भीतरगांव में 60.42 फीसदी लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। गुरुवार की देरशाम मतदान शांतिपूर्ण निपट जाने से अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
जिलाधिकारी और एसएसपी ने क्षेत्र का भ्रमण कर खुद व्यवस्थाओं की कमान संभाली। गुरुवार सुबह 7 से 9 बजे के बीच मतदान का प्रतिशत काफी कम रहा। घाटमपुर में 06.2, जबकि, भीतरगांव क्षेत्र में 07 प्रतिशत मतदान हुआ।
जैसे-जैसे दिन बढ़ता गया मतदान का प्रतिशत भी उसी रफ्तार से बढ़ता गया। सुबह 11 बजे घाटमपुर में 17 जबकि, भीतरगांव में मतदान का औसत 18.97 प्रतिशत, दोपहर एक बजे घाटमपुर में 31.3 और भीतरगांव में 32.5 जबकि, 03 बजे घाटमपुर में 47.9 और भीतरगांव में 51.37 फीसदी वोट पड़े।
शाम को घाटमपुर क्षेत्र के मतदाताओं के उत्साह ने प्रतिशत में बढ़ोत्तरी कर भीतरगांव से बाजी मार ली। जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शलभ माथुर ने पहले घाटमपुर के कुछ केंद्रों और फिर भीतरगांव के मतदान केंद्रों का दौरा किया। जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट पूरी मुस्तैदी के साथ अपने इलाकों की निगरानी में डटे रहे।