यूपी में फर्रुखाबाद जिले के फतेहगढ़ में तैनात सिपाही ने दहेज के लालच में पत्नी को छोड़ दूसरी शादी कर ली। सिपाही के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में फिरोजाबाद महिला थाना पुलिस चार्जशीट भी लगा चुकी है। बुधवार को प्रकरण संज्ञान में आने पर एएसपी ने सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जनपद मैनपुरी थाना करहल क्षेत्र के गांव नगला अरनिया निवासी सुरेश बाबू की पुत्री रूबी ने एएसपी को प्रार्थनापत्र दिया। इसमें कहा कि वर्ष 2013 में उसकी शादी जनपद फिरोजाबाद थाना नगला खंगर क्षेत्र के गांव बलीपुर निवासी कौशलेंद्र यादव के साथ हुई थी। कौशलेंद्र इन दिनों फतेहगढ़ में तैनात है। शादी के डेढ़ वर्ष बाद कौशलेंद्र व उसके परिजन दहेज में कार की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न करने लगे। इस बीच उसने बेटी को जन्म दिया। दहेज की खातिर उसे जलाने का प्रयास किया।
मई 2017 को उसे घर से निकाल दिया गया। उस दौरान वह गर्भवती भी थी। उसे बिना तलाक दिए सितंबर 2017 को कौशलेंद्र ने जनपद जालौन निवासी युवती से दूसरी शादी कर ली। इस संबंध में उसने फिरोजाबाद महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। मुकदमे में पुलिस चार्जशीट भी लगा चुकी है। इसके बावजूद कौशलेंद्र के खिलाफ कोई विभागीय कार्रवाई नहीं की गई। रूबी ने प्रार्थनापत्र के साथ चार्जशीट व मुकदमे की प्रति भी उपलब्ध कराई। अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन सिंह ने प्रधान लिपिक को सिपाही के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के लिए आख्या तलब की है।