डग्गामार वाहनों की चेकिंग करते टीएसआई संतोष कुमार
- फोटो : अमर उजाला
कन्नौज हादसे के बाद आग का गोला बनी मानक विहीन बस में कई लोगों के जिंदा जलने के बाद से पुलिस महकमा गंभीर है। एसपी के आदेश पर सड़कों पर उतरी पुलिस टीमाें ने ओवरलोड और मानकों को दर किनार कर दौड़ने वाले वाहनों पर बड़ी कार्रवाई की है।
एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह के निर्देश पर रविवार को जिले में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। तिर्वा रोड पर गोल कुआं और तिर्वा क्रासिंग पर ट्रैफिक पुलिस ने कोतवाली पुलिस के साथ वाहनों को चेक किया। इस दौरान टीमों ने बसों में इमरजेंसी खिड़की चेक की। अभियान के दौरान पुलिस के हाथ कोई भी निजी बस नहीं लगी।
ओवरलोड सवारियां लेकर जा रहे 18 टेंपो का चालान हुआ। 22 टेंपो के ढालों की ग्रिल कटवा दी गई। एसपी ने बताया कि मानकों को पूरा न करने वाले वाहनों और ओवर लोडिंग से हादसे होते हैं। ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान शुरू किया गया है।
ब्लैक स्पाट घिलोई में संकेतांक बोर्ड लगा, जेब्रा क्रासिंग गायब
कन्नौज घिलोई में स्पीलर बस व ट्रक हादसे में कई लोगों की मौत हो गई। इसमें हादसे की जगह घिलोई ब्लैक स्पॉट प्वांइट में चिह्नित है। यहां संकेतांक बोर्ड तो लगा है लेकिन जेब्रा क्रासिंग का नामोनिशान नहीं है। घुमावदार मोड़ पर अगर यातायात नियमों को जागरूक करने के पूरे इंतजाम होते तो इतना बड़ा हादसा होने से बचाया जा सकता था।
विभागीय आंकड़ों की बात करें तो दो साल में 486 हादसे हुए। इसमें 213 लोगों की मौत हो चुकी है। इतने बड़े हादसे के बाद प्रशासन को ब्लैक प्वाइंट की याद आई है। अब यहां लोगों को सावधान करने के लिए अधूरे इंतजाम पूरे किए जाएंगे। इससे सड़क हादसों में कमी लगाई जा सके।
जिला प्रशासन के निर्देश पर छह माह पहले जिले में 12 ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए थे। लोनिवि ने इसमें दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र होने का बोर्ड लगाया गया था। साथ ही रोड पर स्पीड ब्रेकर बनाए गए थे। इसमें विभाग ने लाखों रुपये का बजट खर्च किया था। घटिया किस्म की ब्रेकर होने से वह चंद दिनों में उखड़ गए।
इससे वाहन चालकों की स्पीड पर ब्रेकर नहीं लग सकी। अफसरों ने लगाए गए स्पीड ब्रेकर व सड़क सुरक्षा मानकों को संज्ञान में नहीं लिया। इससे सड़क हादसों की संख्या में कमी नहीं आई। यहीं वजह है कि प्रतिदिन सड़क हादसे में कई लोग जान गवां देते हैं। वहीं, जिम्मेदार अफसर अनजान बने हैं। छिबरामऊ के घिलाई में बड़ी घटना लापरवाही की गवाह है।