कानपुर में सेक्स रैकेट का भंडा फोड़
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर ग्वालटोली खलासी लाइन में एक घर में चल रहे सेक्स रैकेट में वसूली करने पहुंचे सिपाही को पुलिस ने पकड़ लिया। सिपाही एक महिला के साथ मिलकर ब्लैकमेलिंग और वसूली का गैंग चला रहा था। ग्वालटोली पुलिस ने आरोपी सिपाही, उसके एक साथी और महिला के खिलाफ अवैध वसूली की रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार खलासी लाइन में एक महिला के घर जिस्मफरोशी का धंधा होता है। सोमवार रात वहां चमनगंज निवासी इरफान आया था। वह महिला के साथ आपत्तिजनक अवस्था में था तभी उसकी नजर एक युवक पर पड़ी जो छिपकर वीडियो बना रहा था। वीडियो बनाने वाले युवक ने खुद को सिपाही बताते हुए इरफान से एक लाख रुपये की मांग की। इरफान ने अपने भाई को फोन कर रेव थ्री के पास एक लाख लेकर आने को कहा। इधर कथित सिपाही ने अपने साथी शिवम को पैसा लेने रेव थ्री रवाना किया। इरफान के भाई ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। ग्वालटोली पुलिस महिला के घर पहुंची तो इरफान बगल की छत पर कूदकर भाग निकला लेकिन गली में उसे तौलिया पहन भागते देख मोहल्ले वालों ने पकड़ कर पीटना शुरू कर दिया। मोहल्लेवाले इरफान को ग्वालटोली थाने ले गए। थाने में इरफान ने पुलिस को पूरी कहानी सुनाई। इस पर पुलिस ने महिला और सिपाही को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने रेव थ्री के पास से शिवम को भी दबोच लिया। सिपाही की पहचान उन्नाव कंट्रोल रूम में तैनात हेड ऑपरेटर अमरपाल के रूप में हुई। पता चला कि महिला, सिपाही के साथ मिलकर लोगों को ब्लैकमेल कर वसूली भी करती थी। सीओ के मुताबिक आरोपी सिपाही अमरपाल, महिला और शिवम को गिरफ्तार किया गया है। इनके गैंग के और लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।