कानपुर देहात। माती स्टेडियम में बुधवार को केडीसीए प्रीमियर लीग का फाइनल मुकाबला हुआ। ट्यूबबेल टाइगर्स को 242 रनों से हराकर पुलिस पैंथर्स ने ट्राॅफी जीती। एसपी ने खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन कर पुरस्कृत किया।
मुकाबले में पुलिस पैंथर्स एवं ट्यूबवैल टाइगर्स के मध्य 20-20 क्रिकेट मैच हुआ। जनपदीय पुलिस एवं जनपदीय सिंचाई विभाग के अधिकारी/कर्मचारीगण की टीम ने प्रतिभाग किया। पुलिस पैंथर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 320 रन बनाए। टीम की ओर से सबसे अधिक 97 रन आकाश तोमर ने बनाए। इसपर उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
इधर लक्ष्य का पीछा करते हुए ट्यूबवेल टाइगर्स की टीम 11 ओवरों में मात्र 78 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। पुलिस पैंथर्स ने मुकाबला 242 रनों के जीत लिया। विजेता टीम में एएसपी आलोक प्रसाद, सीओ भोगनीपुर संजय वर्मा, सीओ अकबरपुर संजय कुमार, सीओ डेरापुर सौरभ कुमार वर्मा, सीओ रसूलाबाद आलोक कुमार आदि रहे। मुख्य अतिथि सीजेएम रणविजय सिंह व एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने ट्रॉफी देकर विजेता व उप विजेता टीम के खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन किया। इस दौरान केडीसीए से शिवबीर भदौरिया, शिवाजी, मंजीत यादव आदि मौजूद रहे।