मां की आंखों के सामने मासूम अरशद के सिर से पुलिस की जीप गुजर गई। मां के कुछ बोलने से पहले ही उसके इकलौते बेटे ने दम तोड़ दिया। मामला यूपी के बांदा जिले का है।
जनपद बांदा के कटरा कलिजंर कस्बा निवासी महबूब हुसैन अपने परिवार के साथ रविवार को कम्हरिया बाबा निजामी के उर्स में गए थे। भीड़ होने की वजह से सड़क में अनाउंस करती हुई पुलिस की गाड़ी की हल्की टक्कर लगने से मां अफसाना खातून की गोद से डेढ़ वर्षीय अरशद सड़क पर गिर गया। इसी दौरान कोतवाली पुलिस की जीप का पहिया मासूम के ऊपर से गुजर गया। घटना के बाद कोतवाल अनिल कुमार सिंह ने बच्चे को उठाया और परिजनों को लेकर सीएसची पहुंचे। जहां उसको मृत घोषित कर दिया गया।
मासूम की मां अफसाना खातून ने सदर अस्पताल में बताया कि वह उर्स में एक पुत्री अनम व इकलौते बेटे अरशद तथा पति महबूब के साथ आई थी। वे लोग अपनी बोलेरो गाड़ी से उर्स में आए थे। देवर अयूब हुसैन सहित परिवार के अन्य लोग भीड़ से गुजर रहे थे तभी ये हादसा हो गया। सदर अस्पताल पहुंचे सीओ सदर योगेश कुमार ने बताया कि मौदहा कोतवाली की जीप से दुर्घटना हुई है। जिसमें मासूम की मौत हो गई है। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पीड़ित पक्ष ने अभी तक किसी प्रकार की तहरीर नहीं दी है।