कानपुर। नौबस्ता में प्रेम जाल में फंसाकर किशोरी को राजस्थान ले जाकर दो बार बेचने के मामले में पुलिस गुरुवार को उसके मजिस्ट्रेट के सामने कलम बंद बयान दर्ज कराने पहुंची। हालांकि बयान दर्ज नहीं हो सके। किशोरी को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस शुक्रवार को फिर बयान दर्ज कराने के लिए किशोरी को मजिस्ट्रेट के सामने लेकर जाएगी। वहीं, पुलिस आरोपी सौरभ मिश्रा को नहीं तलाश सकी है।
नौबस्ता निवासी किशोरी को पड़ोस में रहने वाला सौरभ मिश्रा अगवाकर राजस्थान के जयपुर के अंखुरिया की रहने वाली गायत्री नाम की महिला को सवा लाख में बेच दिया था। गायत्री ने किशोरी को ढाई लाख रुपये में नागर जिले में एक युवक को उसे बेच दिया, जिसने उसके साथ गलत काम किया था। किसी तरह किशोरी ने परिजनों से संपर्क की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस टीम किशोरी को बरामद करते हुए खरीदने वाली गायत्री व साथी हनुमान को गिरफ्तार कर बुधवार को शहर लेकर आई थी।
गुरुवार को पुलिस पीड़िता के कलम बंद बयान दर्ज कराने मजिस्ट्रेट के पास गई थी। नौबस्ता इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि किशोरी के बयान नहीं हो सके हैं। फिलहाल उसे सीडब्ल्यूसी के सुपुर्द किया गया है। शुक्रवार को बयान दर्ज कराए जाएंगे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कुछ सुराग मिले हैं। जल्द ही सफलता हाथ लग सकती है।