कानपुर जेल से देवरिया पेशी के लिए जा रहा बंदी शनिवार तड़के गोंडा कचहरी रेलवे स्टेशन से फरार हो गया। सुरक्षा में तैनात गारद के तीनों सिपाही ट्रेन में सोते रह गए। नींद खुलने पर बंदी के भागने की जानकारी हुई। मामले में सिपाही की तहरीर पर कोतवाली जीआरपी में बंदी समेत तीनों सिपाहियों पर एफआईआर दर्ज हुई।
एसपी जीआरपी ने बंदी पर 25 हजार का इनाम घोषित किया। इधर घटना की जानकारी के बाद एसएसपी अनंत देव ने सीओ क्राइम आरके चतुर्वेदी को जांच के लिए गोंडा भेजा। उनकी जांच रिपोर्ट के बाद शाम को तीनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया। इस बीच बंदी को रात में देवरिया में गिरफ्तार कर लिया गया।