उत्तर प्रदेश के झांसी में तैनात एक सिपाही को दुष्कर्म के आरोप में कल्याणपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया। सिपाही पर आरोप है कि वह शादी का झांसा देकर बीएड की छात्रा का शारीरिक शोषण कर रहा था।
छात्रा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने सिपाही को बुधवार रात झांसी से गिरफ्तार कर लिया था। कल्याणपुर कला निवासी सिपाही अमित कमल झांसी में तैनात है। बीएड की छात्रा का आरोप है कि सिपाही ने उसे प्रेम जाल में फांसा और शादी का झांसा देकर करीब एक साल तक शारीरिक शोषण किया।
छात्रा का कहना है कि वह अपने छोटे-भाई बहन के साथ परिवार से अलग सिपाही के मकान में बतौर किरायेदार रहने लगी थी। कुछ दिन पहले छात्रा को पता चला कि अमित की प्रयागराज में रहने वाली महिला सिपाही से शादी तय हो गई है।
इस पर उसने विरोध किया तो खाकी का रौब दिखाकर दबाव बनाया। आरोप है कि हत्या करवाने की भी धमकी दी। छात्रा का कहना है कि परिवार और रिश्तेदारों को यही पता है कि अमित उसका होने वाला पति है।
ऐसे में उसके सामने आत्महत्या के अलावा कोई रास्ता नहीं है। इसके बाद बुधवार को छात्रा ने कल्याणपुर थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर कल्याणपुर अजय सेठ का कहना है कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है।