बेहतर पुलिसिंग के लिए कानपुर के छह बड़े थानाक्षेत्रों में नौ नए थाने खोलने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। प्रस्ताव में चकेरी, नौबस्ता व कल्याणपुर में दो-दो और बिठूर, पनकी व बर्रा में एक-एक नए थाने की मांग की गई है। पुलिस कमिश्नरी के 34 थाने तीन जोन और 11 सर्किल में बंटे हैं।
कल्याणपुर, चकेरी और नौबस्ता थानों का क्षेत्र काफी बड़ा है। इसलिए इन तीनों क्षेत्रों में दो-दो नए थाना बनाने की जरूरत बताई गई है। कल्याणपुर में रावतपुर व इंदिरानगर, चकेरी में जाजमऊ व श्यामनगर, नौबस्ता में यशोदानगर व उस्मानपुर चौकी को थाने में तब्दील करने का प्रस्ताव है।
इसी तरह बर्रा में गुजैनी, पनकी में इंडस्ट्रियल एरिया और बिठूर में मंधना चौकी को थाना बनाने की सिफारिश की गई है। अब शासन पुलिस के प्रस्ताव की समीक्षा कर फैसला लेगा कि कितने नए थाने बनाए जाएं। इसके बाद पुलिस अफसर बजट प्रस्ताव शासन को भेजेंगे। इस प्रस्ताव को मंजूरी के बाद नए थानों का निर्माण शुरू होगा।
गश्त के लिए वाहनों की संख्या बढ़ेगी
कमिश्नरी लागू होने के बाद सड़कों पर पुलिस दिखने लगी है। गश्त और बढ़ाने के साथ आपात स्थिति में कम समय में पुलिस मौके तक पहुंच सके, इसके लिए पुलिस कमिश्नर ने शासन से 25 पीआरवी (पुलिस रिस्पांस वेहिकल) और 25 जेब्रा बाइकों की मांग की है।
नए थाने बनाने को लेकर प्रस्ताव भेजा गया है। थाने बनने से कानून-व्यवस्था बेहतर होगी। अपराध पर अंकुश लगेगा। - आकाश कुलहरि, एडिशनल सीपी