डीसीपी ट्रैफिक बीबीजीटीएस मूर्थी
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर में पुलिस कमिश्नरी लागू होने के बाद पहली बार एक आईपीएस अफसर के हाथ में ट्रैफिक की कमान सौंपी गई है। बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करना सबसे बड़ी चुनौती है। दूसरी जिम्मेदारी लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक कर उनका पालन कराना है। इसके लिए बदली व्यवस्था में क्या कवायद की जाएगी?
इस पर अमर उजाला से विशेष बातचीत में डीसीपी ट्रैफिक बीबीजीटीएस मूर्थी ने अपनी योजना साझा की। उन्होंने कहा कि पहले हम अपनी व्यवस्था सुधारेंगे, जिससे आम लोगों को सहूलियत हो। इसके बाद नियमों का सख्ती से पालन कराएंगे। नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई में तेजी लाई जाएगी।
पेश है डीसीपी ट्रैफिक से बातचीत के प्रमुख अंश...
एक महीने में शुरू होंगे सभी कैमरे
कार्यभार ग्रहण करते ही डीसीपी ट्रैफिक ने समीक्षा की। इसमें पता चला कि सितंबर 2020 से आईटीएमएस कंट्रोल रूम बंद है। चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खराब हैं। इससे ऑनलाइन चालान भी ठप हैं। स्मार्ट सिटी के तहत भी लगाए गए कैमरे बंद पड़े हैं। डीसीपी ने बताया कि एक महीने में ये सभी कैमरे शुरू कराए जाएंगे। प्रमुख चौराहों पर ऑनलाइन चालान होंगे। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
क्रॉसिंग के जाम से छुटकारे की कोशिश
डीसीपी ने बताया कि जीटी रोड पर 14 जगहों पर क्रॉसिंग हैं। पूर्व एडीजी प्रेम प्रकाश ने गुमटी नंबर पांच चौराहे पर अस्थायी रूप से बैरिकेडिंग कर डिवाइडर बनवाया था। तब से वहां जाम की स्थिति नहीं बनती। डीसीपी ने बताया कि इसी तर्ज पर आगे भी दो से तीन क्रॉसिंग पर किया जाएगा, जहां लोगों को करीब 50 मीटर आगे से यूटर्न लेना होगा। इन जगहों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
अतिक्रमण और अवैध स्टैंड हटेंगे
डीसीपी ने बताया कि शहर में कई जगहों पर सड़कें काफी चौड़ी हैं। अतिक्रमण की वजह से वहां जाम लगता है। इसलिए किसी भी हाल में अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसके लिए सभी अफसरों को निर्देश दिए गए हैं। शहर में चल रहे अवैध टेंपो-ऑटो स्टैंड हटाने की भी कार्रवाई की जाएगी।
फोर्स बढ़ेगा, सहूलियत मिलेगी
डीसीपी ने बताया कि मानक के मुताबिक फोर्स की कमी है। इसके लिए पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखा गया है। पंचायत चुनाव के बाद पुलिस बल मिलने की उम्मीद है। बताया कि प्रमुख चौराहों, मॉल, बस स्टैंड आदि जगहों पर हर वक्त ट्रैफिक पुलिस तैनात की जाएगी। क्रेनों की संख्या बढ़ाई जाएगी।