युवक का शव मिलने के बाद रोते बिलखते परिजन (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव के चकलवंशी में जिस युवती को ले जाने के आरोप में युवक ने फंदे से लटककर जान दी थी, उसे व उसके प्रेमी को पुलिस तेलंगाना से लेकर देर रात पुलिस माखी थाने लौटी। युवती के प्रेमी ने जान देने वाले युवक को अपना दोस्त बताया है। पुलिस ने युवती को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
माखी थाना क्षेत्र के एक गांव की 20 वर्षीय युवती 29 दिसंबर 2019 को घर से लापता हो गई थी। युवती के पिता और भाई ने आसीवन थाना क्षेत्र के कस्बा रसूलाबाद के मोहल्ला अटल नगर निवासी मोनू पुत्र रामसनेही पर बेटी को ले जाने का आरोप लगाया था। रसूलाबाद चौकी प्रभारी हसीब अहमद ने पूछताछ के लिए मोनू और उसके पिता को 31 दिसंबर को चौकी बुलाया था।