कानपुरः रूरा व सचेंडी में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में आरोपी रामवीर सिंह उर्फ मामला राजावत और दो अन्य को गैंगस्टर एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। रामवीर पूर्व दस्यु सुंदरी सीम परिहार का भाई है। तीनों आरोपी जमानत पर जेल से बाहर थे। तीनों आरोपी पूर्व मंत्री राम स्वरूप सिंह गौर के पौत्र विनय के गैंग से जुड़े हैं।
पिछले साल रूरा (कानपुर देहात) व सचेंडी में सरकारी ठेके की शराब पीने से 18 लोगों की मौत हो गई थी। 35 लोग बीमार हुए थे। इस मामले में पूर्व मंत्री राम स्वरूप सिंह गौर उसके पौत्र नीरज व विनय, पूर्व दस्यु सुंदरी सीमा परिहार के भाई रामवीर सिंह समेत 20 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेजा था। इसमें रामवीर समेत 16 आरोपी जमानत पर जेल से बाहर आ गए थे। तीन दिन पहले सचेंडी पुलिस ने इस मामले से जुड़े पूर्व मंत्री के पौत्र विनय सिंह गौर समेत 18 लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की थी।
शनिवार को सचेंडी थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने टीम के साथ क्षेत्र से गैंगस्टर बी ब्लॉक पनकी निवासी शैलेंद्र सिंह, संजय नगर दिबियापुर औरैया निवासी पूर्व दस्यु सुंदरी सीमा परिहार के भाई रामवीर सिंह और रूरा के अंबापुर गांव निवासी रामू शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। शैलेंद्र और रामू पर तीन-तीन व रामवीर के खिलाफ पांच गंभीर धाराओं के मामले दर्ज हैं। थानाध्यक्ष के मुताबिक गैंगस्टर में वांछित आरोपियों की तलाश की जा रही है।