कानपुर। रसोई गैस (एलपीजी) की किल्लत से परेशान शहरवासी विकल्प के तौर पर पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) के कनेक्शन की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। हालात यह हैं कि 10 दिन में सीयूजीएल कंपनी के पास करीब 400 नए आवेदन पहुंच चुके हैं। इसके पहले हफ्ते में चार से पांच आवेदन ही पहुंचते थे।
ईरान-अमेरिका-इस्राइल के बीच जारी युद्ध के चलते गैस आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका ने बाजार में हलचल पैदा कर दी है। इसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ा है। मोबाइल पर डिलीवरी मैसेज आने के बावजूद उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं। इसी संकट ने लोगों को पीएनजी की ओर मोड़ दिया है।
सीयूजीएल के मैनेजर मुही खान ने बताया कि सीयूजीएल अभी तक शहर के करीब 1.31 लाख घरों में पीएनजी कनेक्शन दे चुका है। वहीं औद्योगिक क्षेत्र की 435 इकाइयों में गैस सप्लाई हो रही है। अब 10 दिन में 400 घरेलू आवेदनों में से 75 घरों में कनेक्शन दिया जा चुका है जबकि कामर्शियल में 30 नए आवेदन आए हैं। इनमें भी पांच कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। आवेदन लगातार बढ़ रहे हैं। एक कनेक्शन देने में चार से पांच दिन का समय लग रहा है। अलग-अलग क्षेत्रों में टीमें लगाकर काम कराया जा रहा है।