कानपुर। मौसम के अचानक बदलने से रोगियों की सांस फूलने लगी है। निमोनिया फैलाने वाला वायरस भी सक्रिय हो गया है। अस्थमा, सीओपीडी और टीबी के रोगियों की हालत बिगड़ने लगी। शुक्रवार को निमोनिया के एक रोगी की मौत हो गई। सांस रोगियों से डॉ. मुरारीलाल चेस्ट हॉस्पिटल के बेड फुल हो गए हैं। विभागाध्यक्ष डॉ. अवधेश कुमार ने बताया कि इस समय निमोनिया,अस्थमा, टीबी, सीओपीडी के रोगी आ रहे हैं। अस्पताल के सारे बेड भर गए हैं। जिन रोगियों की हालत स्थिर हो जाती है, उन्हें डिस्चार्ज कर देते हैं। शुक्रवार को कल्याणपुर के रहने वाला रोहन (45) की निमोनिया से मौत हो गई। सांस में दिक्कत होने पर उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। परिजनों ने बताया कि जुकाम, खांसी और जकड़न के बाद निमोनिया हो गया। मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. बीपी प्रियदर्शी ने बताया कि मौसम के उलटफेर से वायरल संक्रमण तेज हो गया। कुछ रोगियों के वायरल निमोनिया हो रहा है। ब्यूरो