फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi in Kanpur Live: कानपुर में मौसम खराब, कड़ी सुरक्षा में सड़क मार्ग से कानपुर से लखनऊ जा रहे पीएम मोदी

Tue, 28 Dec 2021 05:15 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

खास बातें

PM Narendra Modi Kanpur Visit Today Live News Updates: प्रधानमंत्री मोदी आज कानपुर दौरे पर हैं। उनके आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पीएम ने मेट्रो ट्रेन का सफर कर इसकी सौगात कानपुरवासियों को दी है। इसके साथ ही आईआईटी के दीक्षांत समारोह में पीएम ने छात्रों को डिजिटल डिग्री व पदक प्रदान किए। पीएम के साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी भी हैं। पढ़िए पल पल की अपडेट...
विज्ञापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:54 PM, 28-Dec-2021

नौबस्ता में सपाइयों ने पीएम-सीएम का पुतला फूंका। कार सवार भाजपाइयों द्वारा रोके जाने व अपशब्द कहने पर सपाइयों ने उनकी कार पर पथराव किया।

03:13 PM, 28-Dec-2021

सड़क मार्ग से लखनऊ जाएंगे पीएम

कानपुर में दृश्यता जीरो होने की वजह से प्रधानमंत्री मोदी के विमान को उड़ान के लिए क्लियरेन्स नहीं मिला है। यही वजह है कि पीएम कानपुर से सड़क मार्ग से लखनऊ जा रहे हैं। लखनऊ से विशेष विमान के जरिए दिल्ली जाएंगे।

03:00 PM, 28-Dec-2021

क्या नोटों के पहाड़ का भी लेंगे क्रेडिट- पीएम

पीएम ने कहा कि पहले की सरकारों ने यूपी में अपराध का राज कायम किया लेकिन सीएम योगी आए तो उन्होंने यूपी में कानून का राज स्थापित किया जिससे प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है। इज ऑफ डूइंड बिजनेस को बेहतर करने पर भी काम हो रहा है। जिन लोगों की आर्थिक नीति ही भ्रष्टाचार हो वो यूपी का विकास नहीं कर सकते इसलिए उन्हें हर उस कदम से तकलीफ होती है जो समाज के लिए उठाए जाते हैं। तीन तलाक से लेकर महिलाओं की शादी की उम्र बढ़ाने तक का ये विरोध करते हैं।

ये लोग ये भी कहते हैं कि ये तो हमने किया था, ये तो हमने किया था। मैं सोच रहा हूं बीते दिनों जो बक्से भर-भरके नोट मिले हैं नोट उसके बाद भी ये लोग यही कहेंगे कि ये भी हमने ही किया है। आप कानपुर वाले तो बिजनेस को कारोबार को अच्छे से समझते हैं, 2017 से पहले भ्रष्टाचार को जो इत्र इन्होंने यूपी में छिड़क रखा था वो फिर सबके सामने आ गया है।

लेकिन वो क्रेडिट लेने नहीं आ रहे। नोटों का जो पहाड़ सबने देखा यही उनकी उपलब्धि है यही उनकी सच्चाई है। यूपी के लोग सब देख रहे हैं, इसलिए जनता विकास करने वालों के साथ है। इसी के साथ पीएम मोदी ने अपना संबोधन समाप्त किया।

विज्ञापन
02:56 PM, 28-Dec-2021

किसने सोचा था कि यूपी में बंद होगी बिजली कटौती- पीएम

डबल इंजन की सरकार बड़े लक्ष्य तय करना और उसे पूरा करने पर काम करती है। लोगों को पहले नहीं लगता था कि यूपी में घंटों कटौती बंद होगी लेकिन हमने कर दिखाया। किसने सोचा था कि गंगाजी में गिरने वाला सीसामऊ जैसा विशाल नाला बंद हो सकता है, हमने कर दिखाया। गैस इंफ्रास्ट्रक्चर पर हुए काम से भी यूपी को लाभ हुआ है। अकेले यूपी में लगभग 1 करोड़ 60 लाख गरीब परिवारों को गैस कनेक्शन दिए गए हैं। बीते सालों में पेट्रोलियम नेटवर्क का विस्तार होने से ऐसा हो पाया है। अब कानपुर समेत यूपी के तमाम जिलों को ट्रकों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

02:51 PM, 28-Dec-2021

पहले देश का एक हिस्सा विकास से छूट गया था- पीएम

पीएम ने कहा, दशकों तक हमारे देश में स्थिति रही कि एक हिस्से का विकास हुआ एक पीछे छूट गया लेकिन समान विकास से ही देश का विकास संभव है। इसलिए हमारी सरकार सबका साथ सबका विकास पर काम करती है। शहर में रहने वाले गरीबों को भी पहले की सरकारों ने नजरअंदाज किया, लेकिन हमारी सरकार इनके लिए बहुत काम कर रही है। बीते साढ़े चार साल में यूपी सरकार ने शहरी गरीबों के लिए 17 लाख से ज्यादा घर स्वीकृत किए हैं। साढ़े नौ लाख बन भी चुके हैं बाकी पर काम चल रहा है। आज पहली बार हमारी सरकार ने रेहड़ी पटरी वालों की मदद की है। इन्हें डिजिटल खातों का लाभ मिले इसके लिए हमारी सरकार काम कर रही है। यूपी में स्वनिधि योजना के तहत 7 लाख से अधिक लोगों को सात लाख करोड़ से अधिक रुपये दिए जा चुके हैं। डबल इंजन की सरकार यूपी की जरूरतों को समझते हुए दमदार काम कर रही है। पहले यूपी में पाइप से पानी नहीं पहुंचता था, अब हम घर-घर जल मिशन के तहत हर घर में साफ पानी पहुंचाने में जुटे हैं। मुफ्त राशन का भी इंतजाम हमारी सरकार ने किया है। पहले पांच साल के लिए लॉटरी की मानसिकता से सरकारें काम करती थीं जितना लूट सको लूट लो। पहले परियोजनाओं में हजारों करोड़ के घोटाले हो जाते थे।

विज्ञापन
02:46 PM, 28-Dec-2021

यूपी में मेट्रो का काम हो रहा अभूतपूर्व- पीएम

पीएम बोले आजादी के बाद बरसों तक हमारे देश में सोच रही कि जो भी अच्छा काम होगा वो बड़े शहरों में होगा, छोटे शहरों को छोड़ दिया गया। छोटे शहरों की कितनी बड़ी ताकत है उसे पहले की सरकारें नहीं समझ पाईं। उन सरकारों ने इन शहरों के करोड़ों लोगों की इच्छा को नहीं समझा। इनकी विकास की नीयत नहीं थी। हमारी सरकार छोटे शहरों को भी प्राथमिकता दे रही है। शिक्षा हो, बिजली पानी की दिक्कत न हो, सीवेज सिस्टम आधुनिक हो इस पर काम किया जा रहा है। कानपुर मेट्रो के पहले चरण का आज लोकार्पण हुआ आगरा मेट्रो का भी काम चल रहा है। जिस स्पीड से यूपी में मेट्रो का काम हो रहा है वह अभूतपूर्व है। साल 2014 से पहले यूपी में कुल मेट्रो नौ किलोमीटर थी जो 2017 में हुई 18 किलोमीटर। आज कानपुर को मिला दें तो यूपी में 90 से ज्यादा किलोमीटर लंबी हो चुकी है मेट्रो की लंबाई। आज योगी सरकार ऐसे काम कर रही है तभी लोग कहते हैं कि फर्क साफ है। पहले देश के पांच शहरों में मेट्रो की सुविधा थी। आज अकेले यूपी के पांच शहरों में मेट्रो चल रही है। देश के 27 शहरों में मेट्रो पर काम चल रहा है। गरीबों और मिडिल क्लास को वो सुविधा मिल रही है जो मेट्रो शहरों के लोगों को मिलती थी।

02:42 PM, 28-Dec-2021

यूपी के लोग कह रहे फर्क साफ है- पीएम मोदी

पीएम ने कहा, आज देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे, फ्रेट कॉरिडोर का हब, डिफेंस कॉरिडोर भी यूपी में बन रहा है। इसलिए आज यूपी के लोग कह रहे हैं कि फर्क साफ है। हम किसी लक्ष्य को पाने के लिए हम दिन-रात एक कर देते हैं। हमारी सरकार में कार्य शुरू हुआ और हम ही लोकार्पण कर रहे हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे का काम भी हमारी सरकार में शुरू हुआ और पूरा हुआ। यानी पूरब हो या पश्चिम यूपी में हर परियोजना को समय पर पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। समय पर पूरा होने से पैसे का सही इस्तेमाल होता है। देश के लोगों को इसका लाभ मिलता है।

02:38 PM, 28-Dec-2021

पीएम ने कानपुर वासियों की तारीफ की

पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत कानपुर के लोगों की तारीफ से की। उन्होंने कहा कि अटल जी से लेकर कई बड़े नेताओं को कानपुर ने बनाया है। उन्होंने ठग्गू के लड्डू की भी चर्चा की। आज पनकी वाले हनुमान जी के आशीर्वाद से कानपुर को मेट्रो कनेक्टिविटी मिली है साथ ही रिफाइनरी से भी कानपुर कनेक्ट हो गया है। इससे यूपी के अनेकों जिलों में पेट्रोलियम उत्पाद और आसानी से सुलभ होंगे। पूरे यूपी को बहुत बहुत बधाई। कानपुर मेट्रो से सफर करना मेरे लिए यादगार अनुभव रहा। यूपी में जिन लोगों ने सरकार चलाई उन्होंने समय की अहमियत नहीं समझी। उन्होंने उस अमूल्य समय को पहले की सरकारों ने गंवा दिया। 

02:25 PM, 28-Dec-2021

निराला नगर मैदान में अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कानपुर के सीसामऊ में नमामि गंगे अभियान का सबसे जटिल काम भी प्रधानमंत्री के हाथों से हुआ। पहले प्रदेश के विकास का धन लोगों की दीवारों और तिजोरियों में पहुंच जाता था। आप सभी इसका उदाहरण अपने शहर में ही देख रहे हैं।

02:12 PM, 28-Dec-2021

मंच पर पहुंचे पीएम

पीएम लाभार्थियों से बात करने के बाद मंच पर पहुंचे। यहां बीपीसीएल की बीना-पनकी पाइप लाइन और मेट्रो ट्रेन का रिमोट का बटन दबाकर लोकार्पण करेंगे। साथ ही उद्योगों के लिए ईंधन और जनमानस के लिए सुगम यातायात का साधन देंगे।

01:43 PM, 28-Dec-2021

प्रधानमंत्री निराला नगर मैदान पहुंच चुके हैं। यहां बीपीसीएल की ओर से निर्मित 1534 करोड़ की बीना पनकी बहुउत्पाद पाइप लाइन का उद्घाटन करेंगे। यहां प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने बीपीसीएल की प्रदर्शनी देखी।

01:12 PM, 28-Dec-2021

पीएम की मेट्रो यात्रा हुई पूरी

प्रधानमंत्री ने आईआईटी से गीतानगर स्टेशन तक मेट्रो से यात्रा की। यहां से पीएम सड़क मार्ग से होते हुए निरालानगर के लिए रवाना हो गए हैं। निरालानगर रैली स्थल से बटन दबाकर मेट्रो का शुभारंभ करेंगे। इधर बटन दबाते ही उधर बच्चों को लिए तैयार खड़ी मेट्रो दौड़ पड़ेगी।

01:06 PM, 28-Dec-2021

प्रधानमंत्री की मेट्रो यात्रा में उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी हैं।

12:56 PM, 28-Dec-2021

आईआईटी मेट्रो स्टेशन पहुंचे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री मोदी ने आईआईटी गेट से हाथ हिला कर लोगों का अभिवादन किया। इसके बाद वह आईआईटी मेट्रो स्टेशन पहुंचे। कुछ ही देर में पीएम आईआईटी से मोतीझील के बीच मेट्रो ट्रेन का लोकार्पण करेंगे।

12:38 PM, 28-Dec-2021

छात्र-छात्राओं को पहली बार प्रदान की गईं डिजिटल डिग्री

दीक्षांत समारोह में संस्थान के छात्र-छात्राओं को पहली बार डिजिटल डिग्री प्रदान की गईं। यह डिग्री संस्थान में विकसित ब्लॉकचेन संचालित तकनीक के माध्यम से प्रदान की गई। इस डिजिटल डिग्री को वैश्विक स्तर पर सत्यापित किया जा सकता है। इस ब्लॉकचेन आधारित डिजिटल डिग्री का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया।

 

12:29 PM, 28-Dec-2021

पीएम ने छात्रों को दी सफल भविष्य की शुभकामना

प्रधानमंत्री ने अंत में छात्रों को उनके करियर में सफल होने की शुभकामना देते हुए अपने भाषण को खत्म किया।

12:24 PM, 28-Dec-2021

मानवीय मूल्यों को कभी न भूलें- पीएम

आप कंफर्ट और चैलेंज में से चैलेंज को चुनें क्योंकि जो आराम को चुनता है वो पीछे रहता है। आपको ऐसा इंसान बनना है जो मुश्किलों को चुनकर उनका हल निकालता है। आप लगातार इनोवेशन में लगे रहते हैं। इन सबके बीच मेरा आप सबसे आग्रह है टेक्नोलॉजी की दुनिया में रहते हुए ह्युमन वैल्यू को मत भूलिएगा, अपने रोबोट वर्जन मत बनिएगा। क्योरिसिटी को बनाए रखिएगा, इंटरनेट पर जरूर काम करिएगा लेकिन इमोशन को मत भूलिएगा। ह्युमन इंटेलिजेंस को भी याद रखिएगा, लोगों के साथ अपना कनेक्ट बनाए रखिएगा। लोगों से जुड़ाव आपके व्यक्तित्व की ताकत बढ़ाएगा। ऐसा न हो कि जब इमोशन दिखाने का वक्त आए तो आपका दिमाग एचटीटीपी 404 दिखाए, पेज नॉट फाउंड दिखाए।

12:18 PM, 28-Dec-2021

आजादी के बाद देश बहुत समय गंवा चुका है- पीएम

पीएम ने छात्रों से कहा, आजादी से अब तक देश बहुत समय गंवा चुका है, दो पीढ़ियां निकल गईं, अब हमें एक पल भी नहीं गंवाना है। आपको मेरी बातों में अधीरता नजर आती होगी मैं चाहता हूं कि आप भी ऐसे ही अधीर बनें और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करें। स्वामी विवेकानंद ने कहा है, यदि हम आत्मनिर्भर नहीं होंगे तो हमारा लक्ष्य कैसे पूरा होगा, देश अपनी डेस्टिनी तक कैसे पहुंचेगा। पीएम ने कहा, मेरा भरोसा है कि आप ऐसा कर सकते हैं। आपको ही करना है, आप ही करेंगे, ये अनंत संभावनाएं आपके लिए हैं आप ही इसे संभव करेंगे। आप ये भलिभांति जानते हैं कि बीते वर्षों में किस तरह देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए देश ने कैसा काम किया है जिससे आपका काम आसान हो। देश युवाओं के लिए तमाम योजनाओं के जरिए रास्ते बना रहा है। इज ऑफ डूइंग बिजनेस को सुधारा जा रहा है। आज हमारे पास 75 से अधिक यूनिकॉर्न्स हैं। 50 हजार से ज्यादा स्टार्टअप है। आज भारत दुनिया का स्टार्टअप हब बनकर उभरा है। हाल में आई एक रिपोर्ट के अनुसार भारत दुनिया के कई देशों को पीछे छोड़कर तीसरे नंबर का यूनिकॉर्न बन गया है। जो आईआईटी को जानता है जो यहां के टैलेंट को जानता है, वो जानता है कि ये कुछ भी करेंगे। मैं विश्वास दिलाता हूं कि सरकार हर तरह से आपके साथ है। 

12:13 PM, 28-Dec-2021

आईआईटी कानपुर के कामों की पीएम ने की सराहना

पीएम ने कहा कि 5जी टेक्नोलॉजी में तो आईआईटी कानपुर का काम ग्लोबल स्टैंडर्ड का बन गया है। ऐसे में आपका काम कई गुना बढ़ गया है। एनर्जी सेविंग से लेकर हर खेल जैसे क्षेत्र तक में आपका काम बढ़ गया है। आज जो बड़ी संभावनाएं हैं वो आपके लिए हैं, यहां सिर्फ आपके लिए देश के प्रति जिम्मेदारी ही नहीं बल्कि अपने सपनों को पूरा करने का अवसर भी है। आज आप 21वीं सदी के जिस कालखंड में हैं वो बड़े लक्ष्यों को तय करने और उन्हें पाने के लिए पूरी मेहनत करने का है। आज समस्याओं के समाधान के लिए संकल्प लिए जाते हैं वो भी स्थायी। आत्मनिर्भर भारत इसका बड़ा उदाहरण है।

12:06 PM, 28-Dec-2021

आप आईआईटी की लीगेसी साथ लेकर निकल रहे हैं- पीएम

पीएम ने कहा कि आपने यहां आईआईटी की लीगेसी को जिया है। भारत के वर्तमान और इतिहास को जिया है। आज आप अपने उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत कर रहे हैं। आज मैं ये भी कहूंगा मेरी आपसे यही कामना रहेगी कि इस साल भारत ने अपनी आजादी के 75वें वर्ष में प्रवेश किया है। आजादी की लड़ाई में कानपुर का अपना योगदान रहा है। एक छोर से दूसरे छोर तक अगर सैर करें तो ऐसा लगता है कि हम आजादी के संग्राम की सैर कर रहे हैं। देश को गति देने का दायित्व आपका है। 1930 में जब दांडी यात्रा शुरू हुई थी तो उसने उस समय पूरे देश को कितना आंदोलित किया था, तब उसने भारत के जन-जन में अभूतपूर्व विश्वास भर दिया। आज आप भी उन जैसे गोल्डन एरा में कदम रख रहे हैं। ये आपके जीवन का अमृतकाल है। अमृत महोत्सव की इस घड़ी में जब आईआईटी से निकलें तो 2047 का भारत कैसा होगा इसका सपना लेकर निकलें। जब आप अपने जीवन के 50 साल पूरा कर रहे होंगे उसके लिए आपको काम करना होगा। मुझे पता है कि आईआईटी कानपुर के माहौल ने आपको ऐसी ताकत दी है कि आपको अपने सपने पूरे करने से कोई रोक नहीं सकता। ये पूरी सदी टेक्नोलॉजी ड्रिवेन है। 

12:03 PM, 28-Dec-2021

पीएम ने दी छात्रों को बधाई

पीएम ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, आज कानपुर के लिए दोहरी खुशी का दिन है। एक तो कानपुर को मेट्रो मिल रही है दूसरा आईआईटी कानपुर से आप जैसे होनहार युवा मिल रहे हैं। आज जिन छात्रों को सम्मान मिला है उन्हें भी बहुत बहुत बधाई। आप आज जहां पहुंचे हैं, जो योग्यता हासिल की है उसके पीछे आपके माता-पिता, टीचर्स, प्रोफेसर जैसे अनगिनत लोग होते हैं। उन सबकी बहुत मेहनत रही है, कुछ न कुछ योगदान रहा है।

12:00 PM, 28-Dec-2021

मुख्यमंत्री ने आईआईटी के सहयोग की सराहना की

समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आईआईटी के सहयोग की सराहना की। साथ ही कहा कि सरकार 5 सालों में 250 स्टार्टअप को बढ़ावा देगी।

11:41 AM, 28-Dec-2021

प्रो.अभय ने पीएम को किया सम्मानित

आईआईटी के 54वें दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रो.अभय ने सम्मानित किया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को बतौर विशिष्ट अतिथि समारोह में शामिल होना था लेकिन वह किन्हीं कारणों से नहीं आईं।

11:31 AM, 28-Dec-2021

प्रधानमंत्री मेधावियों को देंगे पदक

आईआईटी के 54वें दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के लिए पहुंच चुके हैं। पीएम पांच मेधावियों को पदक देंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद हैं। समारोह में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के बीटेक छात्र अभ्युदय पांडेय को प्रेसीडेंट गोल्ड मेडल, केमिकल इंजीनियरिंग-कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की वसुंधरा राकेश को डायरेक्टर गोल्ड मेडल (4 साल-यूजी प्रोग्राम), इंजीनियरिंग कर रही निवेदिता को डायरेक्टर गोल्ड मेडल (पांच वर्षीय यूजी प्रोग्राम), इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के यश माहेश्वरी को रतन स्वरूप स्मृति पुरस्कार और प्रियंका भारती को डॉ. शंकरदयाल शर्मा मेडल से सम्मानित किया जाएगा। 1723 छात्रों को डिग्रियां मिलेंगी।

80 पुरस्कार व मेडल दिए जाएंगे और 21 छात्रों को उत्कृष्ट पीएचडी थीसिस पुरस्कार दिया जाएगा। तीन विभूतियों प्रो. रोहिणी एम गोडबोले, सेनापथी क्रिस गोपालकृष्णन और पं. अजोय चक्रवर्ती को मानद उपाधि दी जाएगी। समारोह तीन सत्रों में होगा। पहले सत्र में प्रधानमंत्री रहेंगे। 

11:13 AM, 28-Dec-2021

सड़क मार्ग से रवाना हुए प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कानपुर पहुंच चुके हैं। खराब मौसम की वजह से उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका इसलिए प्रधानमंत्री चकेरी एयरपोर्ट से आईआईटी के लिए सड़क मार्ग से रवाना हुए। प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री भी शहर पहुंच चुके हैं।

11:10 AM, 28-Dec-2021

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

- कार्यक्रम स्थलों के आसपास की 300 इमारतों में लगाई गई रूफ टॉप ड्यूटी
- एयरपोर्ट से लेकर हेलीपैड को भी सुरक्षा के लिहाज से कब्जे में लिया गया
- पूरे शहर के होटल व धर्मशालाओं में की जा रही चेकिंग, एलआईयू भी सक्रिय
- 112 नंबर पर नागरिक दे सकते हैं किसी भी असामान्य हरकत की सूचना
- 48 घंटे से शहर में मुख्यालय व बाहरी जनपदों के फोर्स ने डाल रखा है डेरा
- भीड़भाड़ के बीच सादे कपड़े में चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे पुलिस के जवान
- कार्यक्रम में आने वाली 2235 बसों को नंबर लिखा पास दिया गया
- पीएम के सुरक्षा घेरों में पहला आइसोलेशन कार्डेन, दूसरा इनर कार्डेन और तीसरा आउटर कार्डेन बनाया गया 
- हर कार्डेन में तैनात पुलिस कर्मी के पास होगा अलग रंग का पास 
- एंबुलेंस समेत अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर निकालने का प्रबंध
- पुलिस कमिश्नर असीम अरुण ने अलग-अलग जनपदों से आए राजपत्रित अधिकारियों को दिए निर्देश। 

11:03 AM, 28-Dec-2021

पीएम की रैली में आएंगे 91 हजार लाभार्थी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में विभिन्न योजनाओं के कुल 91 हजार लाभार्थी आएंगे। इनमें 68 हजार लाभार्थी कानपुर के तो 23 हजार लाभार्थी कन्नौज, कानपुर देहात, औरैया और फतेहपुर के हैं। इनके बैठने के लिए 70 ब्लॉक बनाए गए हैं। इनको लाने की जिम्मेदारी 170 जिला स्तरीय अधिकारियों को सौंपी गई है। जिला प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्र के लाभार्थियों को लाने के लिए 1235 बसों को लगाया है। वहीं दूसरे चार जिलों से लाभार्थियों को लाने के लिए 460 बसों को लगाया गया है।

11:03 AM, 28-Dec-2021

इन लाभार्थियों से पीएम करेंगे संवाद

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना से संगीता सिंह, सारंग प्रीत सिंह, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना से वरुण, उत्कर्ष निगम, अंशुल कटियार, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से गौरी तिवारी, फरजाना, सुषमा कुमारी, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट से सतीश वर्मा, आशा शर्मा, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन से रुचि गुप्ता, संगीता गुप्ता, सपना निषाद, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से पप्पी सचान, दीपशिखा, निवेदिता मंडल, सविता तिवारी, बबिता जायसवाल, अनोमा गौतम, सपना कुशवाहा, मंजूलता, प्रियंका सचान, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण से रीना, पीएम आवास योजना शहरी से रामआसरे, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण से बबिता।
 

10:53 AM, 28-Dec-2021

PM Modi in Kanpur Live: कानपुर में मौसम खराब, कड़ी सुरक्षा में सड़क मार्ग से कानपुर से लखनऊ जा रहे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कानपुर आ रहे हैं। सबसे पहले वे आईआईटी के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद निरालानगर रेलवे मैदान में रैली को संबोधित करने के साथ ही मेट्रो ट्रेन समेत दो परियोजनाओं को हरी झंडी दिखाएंगे।

वे सुबह 11 आएंगे और शाम 4:40 बजे लौटेंगे। आईआईटी के दीक्षांत समारोह में वे छात्रों को डिग्री व पदक प्रदान करेंगे। इसके बाद आईआईटी स्टेशन से मेट्रो ट्रेन में बैठकर गीतानगर तक आएंगे। यहां से सड़क मार्ग से चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जाएंगे।

इसके बाद हेलीकाप्टर से रैली स्थल पहुंचेंगे। यहीं पर परियोजनाओं का बटन दबाकर लोकार्पण करेंगे। वैसे तो कानपुर में मेट्रो का बजट 11076 करोड़ है, लेकिन अभी आईआईटी से मोतीझील के बीच तैयार रूट पर ही मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी देंगे। 350 करोड़ से बने भारत पेट्रोलियम टर्मिनल का भी लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री 25 लाभार्थियों से सीधे मुखातिब होंगे। उनके साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी भी रहेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निरालानगर रैली स्थल में 25 लाभार्थियों से खुद बात करेंगे। इसके लिए अलग से 10 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। मंच पर पहुंचने से पहले ही इनसे मिलेंगे। जिला प्रशासन ने ऐसे 25 लाभार्थियों को चिह्नित कर लिया है। लाभार्थियों को तीन समूहों में रखा गया है। इनसे मोदी योजनाओं के बारे में बातचीत करेंगे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें